पांकी के प्राथमिक विद्यालय पर लापरवाही के आरोप, बंद मिला स्कूल; प्रधानाध्यापक ने बताई वजह
पांकी के प्राथमिक विद्यालय पर लापरवाही के आरोप, बंद मिला स्कूल; प्रधानाध्यापक ने बताई वजह
पलामू के पांकी प्रखंड अंतर्गत डंडार कला पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय कुंजरा टोला की व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि विद्यालय के शिक्षक केवल उपस्थिति दर्ज कर विद्यालय बंद कर चले जाते हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं हुआ है और कई बार बच्चे स्कूल पहुंचने पर ताला बंद पाते हैं, जिसके कारण उन्हें बिना पढ़ाई के वापस लौटना पड़ता है।
ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मामले की जांच कर जिम्मेदार शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, इस मामले में प्रधानाध्यापक फिरोज आलम ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उनकी तबीयत खराब हो गई थी, जिसके कारण विद्यालय बंद कर इलाज के लिए मेदिनीनगर जाना पड़ा। फिलहाल ग्रामीणों की शिकायत और प्रधानाध्यापक के स्पष्टीकरण के बीच शिक्षा विभाग की जांच के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

