पालकोट में घायल जंगली भालू का रेस्क्यू, बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया
पालकोट में घायल जंगली भालू का रेस्क्यू, बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया
पालकोट: पालकोट वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने पालकोट प्रखंड के टेंगरिया पंचायत अंतर्गत खिजूर टोली गांव के एक बागान के पास से एक घायल जंगली भालू को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। घायल भालू को पहले पालकोट वन विभाग कार्यालय लाया गया, जहां प्राथमिक जांच के बाद बेहतर इलाज के लिए वाइल्ड लाइफ रेस्क्यू सेंटर, बरवे (रांची) भेज दिया गया।प्रभारी वनपाल संदीप कुमार ने बताया कि भालू के आगे के दाहिने पैर में गहरा जख्म है और वह काफी सुस्त हालत में पाया गया। सूचना मिलने के बाद वन विभाग ने तत्काल एक रेस्क्यू टीम का गठन किया और भालू को सुरक्षित पिंजरे में पकड़कर पालकोट लाया गया।उन्होंने बताया कि यह वही जंगली भालू है, जो कुछ दिन पहले बसिया प्रखंड के निनई क्षेत्र में एक कुएं में गिर गया था। उसे कुएं से निकालने के बाद वह जंगल की ओर भाग गया था और भटकते हुए खिजूर टोली गांव के बागान तक पहुंच गया।रेस्क्यू अभियान में प्रभारी वनपाल संदीप कुमार सहित तुर्जन मुंडा, शशी बेक, अनुप कुमार महतो, प्रकाश मुंडा, लोया खड़िया, रिझू साहू, दीपक सिंह, किष्टो कर्मकार, अमृत केरकेट्टा, तारक ठाकुर, राधेश्याम साहू, अनुज लकड़ा, कार्तिक गोप, छोटेलाल साहू, देवदंत सिंह, सुरेंद्र प्रधान, लक्ष्मण साहू, प्रभात प्रजापति, अमित लोहरा और मनोज लोहरा समेत कई कर्मी शामिल थे।वन विभाग ने बताया कि भालू की हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है और उसके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद है।


