नवरात्रि में गिरिडीह की सड़कों पर दिखेगा स्टारडम, मनोज तिवारी और सौंदर्य शर्मा करेंगी रोड शो

नवरात्रि में गिरिडीह की सड़कों पर दिखेगा स्टारडम, मनोज तिवारी और सौंदर्य शर्मा करेंगी रोड शो

समाजसेवी विनोद सिन्हा बोले—युवाओं का भविष्य इंतजार नहीं कर सकता, गिरिडीह को मिले औद्योगिक पहचान

गिरिडीह। नवरात्रि के मौके पर 12 अक्टूबर को गिरिडीह में प्रस्तावित रोड शो को लेकर राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। समाजसेवी सह भाजपा नेता विनोद सिन्हा के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस रोड शो में भोजपुरी अभिनेता व सांसद मनोज तिवारी तथा फिल्म अभिनेत्री सौंदर्य शर्मा के शामिल होने की बात कही गई है।

कार्यक्रम को लेकर विनोद सिन्हा ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि रोड शो का मकसद केवल आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि गिरिडीह के युवाओं को रोजगार, शिक्षा और विकास के बेहतर अवसरों से जोड़ने की दिशा में जनजागरूकता पैदा करना है।

उन्होंने कहा कि गिरिडीह में रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में युवा दूसरे शहरों और राज्यों की ओर पलायन करने को मजबूर हैं। ऐसे में गिरिडीह को औद्योगिक क्षेत्र का दर्जा दिलाने की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा। उनका कहना था कि जिले में उद्योगों का विस्तार होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और युवाओं का पलायन भी कम हो सकता है।

कार्यक्रम को चुनाव से जोड़कर देखे जाने के सवाल पर विनोद सिन्हा ने कहा कि इसका उद्देश्य चुनावी राजनीति नहीं, बल्कि गिरिडीह के युवाओं और जिले के विकास से जुड़े मुद्दों को सामने लाना है। उन्होंने कहा कि चुनाव आते-जाते रहते हैं, लेकिन युवाओं का भविष्य किसी चुनाव का इंतजार नहीं कर सकता।

विनोद सिन्हा ने कहा, “हमारा प्रयास है कि गिरिडीह को औद्योगिक पहचान मिले, युवाओं को रोजगार के अवसर मिलें और शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी बेहतर काम हो। इसी उद्देश्य को लेकर अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा।”

उन्होंने बताया कि आने वाले समय में स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर भी अभियान चलाने की योजना है। रोड शो के माध्यम से इन मुद्दों को आम लोगों के बीच ले जाने का प्रयास किया जाएगा।

प्रेस वार्ता में भाजपा नेता नवीन सिन्हा, रितेश सिन्हा और प्रकाश श्रीवास्तव समेत कई लोग मौजूद थे।