नावा जयपुर में ड्रोन के साथ पुलिस का फ्लैग मार्च, दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा कड़ी

दुर्गा पूजा को लेकर नावा जयपुर में ड्रोन के साथ पुलिस का फ्लैग मार्च, पूजा समितियों को दिए गए सुरक्षा निर्देश

पाटन (पलामू): पाटन प्रखंड के नावा जयपुर थाना क्षेत्र में दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पाटन अंचल के पुलिस निरीक्षक सुरेश मंडल के नेतृत्व में ड्रोन के साथ फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस बल ने क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

फ्लैग मार्च के दौरान विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों की पूजा समितियों के सदस्यों के साथ बैठक कर सुरक्षा के दृष्टिकोण से आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने पूजा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, भीड़ प्रबंधन पर ध्यान देने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्क रहने की बात कही।

ड्रोन के माध्यम से निगरानी किए जाने से सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने में मदद मिलेगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य दुर्गा पूजा के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें।

इस फ्लैग मार्च में नावा जयपुर थाना प्रभारी सतीश कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक मुन्ना यादव, सहायक अवर निरीक्षक चंद्रशेखर दुबे, कामेश्वर ठाकुर, रवि लोहरा एवं रामजी दास सहित थाना के पुलिसकर्मी, महिला पुलिस बल, होमगार्ड के जवान और चौकीदार शामिल रहे।

पुलिस प्रशासन ने दुर्गा पूजा के दौरान आम लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की।