नौकरी लगने के बाद प्रेमी ने बदला रिश्ता, 250 किमी दूर पहुंची प्रेमिका; मंदिर में हुई शादी
नौकरी लगने के बाद प्रेमी ने बदला रिश्ता, 250 किमी दूर पहुंची प्रेमिका; मंदिर में हुई शादी
अंबा (औरंगाबाद)। औरंगाबाद जिले के अंबा थाना क्षेत्र में झारखंड बॉर्डर स्थित एरका उत्पाद विभाग चेकपोस्ट पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती ड्यूटी पर तैनात सिपाही से विवाद करने लगी। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मामले की जानकारी लेने पर पता चला कि युवती समस्तीपुर की पूजा कुमारी है और चेकपोस्ट पर तैनात सिपाही अंकेश कुमार से उसका करीब चार वर्षों से संबंध है। युवती का आरोप है कि नौकरी लगने के बाद अंकेश ने उससे दूरी बना ली और उसकी शादी कहीं और तय कर दी गई। इसकी जानकारी मिलने के बाद पूजा करीब 250 किलोमीटर की दूरी तय कर अंबा पहुंची थी।
चेकपोस्ट पर विवाद बढ़ता देख किसी व्यक्ति ने डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अंबा थाना ले गई। पूछताछ के दौरान दोनों के बीच लंबे समय से संबंध होने की बात सामने आई।
पूजा कुमारी ने बताया कि स्कूल के दिनों में ही उसकी मुलाकात अंकेश से हुई थी। दोनों के बीच करीब चार वर्षों से संबंध था। हालांकि, अंकेश की नौकरी लगने के बाद परिस्थितियां बदल गईं और उसकी शादी दूसरी जगह तय होने की जानकारी पूजा को मिली।
मामले के बाद पुलिस की मौजूदगी में दोनों परिवारों की सहमति से अंबा स्थित सतबहिनी मंदिर में दोनों की शादी कराई गई। थाना प्रभारी की मौजूदगी में परिजनों और स्थानीय लोगों के बीच विवाह की रस्म पूरी हुई।
घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
अंबा संवाददाता मनोज कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।

