मुजफ्फरपुर के अस्पताल में भीषण आग, 4 की मौत, कई मरीजों को बचाया गया
बिहार के मुजफ्फरपुर स्थित प्रसाद अस्पताल में गुरुवार तड़के करीब 3 बजे आईसीयू वार्ड में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग लगते ही आईसीयू में घना धुआं भर गया, जिससे मरीजों का दम घुटने लगा। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 4 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई अन्य के हताहत होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की 12 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आ,ग पर काबू पाया गया।
अस्पताल के पांचवे मंजिल पर स्थित आईसीयू में यह हादसा हुआ। प्रशासन ने कई मरीजों को अन्य अस्पतालों में रेफर किया है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। मौके पर डीएम, एसएसपी और अन्य अधिकारी पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटे रहे। अस्पताल में अफरा-तफरी और चीख-पुकार का माहौल बना रहा।

