मरसी हॉस्पिटल के संस्थापक डॉ. अमित गोंड की द्वितीय पुण्यतिथि पर भावपूर्ण श्रद्धांजलि
गिरिडीह। शहर के प्रसिद्ध मरसी हॉस्पिटल के संस्थापक स्वर्गीय डॉ. अमित गोंड की द्वितीय पुण्यतिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन, चिकित्सकों, कर्मचारियों और शहरवासियों ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि डॉ. अमित गोंड ने गिरिडीह में आधुनिक स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत नींव रखी थी।
मरसी हॉस्पिटल द्वारा श्रद्धांजलि संदेश में कहा गया कि “कुछ लोग जीवन में ऐसे मिलते हैं जो अपने कर्म, विचारों और व्यवहार से अमिट छाप छोड़ जाते हैं। डॉ. अमित गोंड का जाना एक अपूरणीय क्षति है।”
बताया गया कि डॉ. अमित गोंड गिरिडीह के पहले मल्टीस्पेशियलिटी अस्पताल के निर्माता थे। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए और जरूरतमंदों के इलाज को प्राथमिकता दी। अस्पताल परिवार ने कहा कि उनका सपना और उनकी प्रेरणा आज भी सभी के दिलों में जीवित है तथा उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया गया है।
इस मौके पर लोगों ने उनकी तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके द्वारा किए गए सामाजिक एवं चिकित्सीय कार्यों को याद किया।

