मनरेगा में 39 लाख रुपये गबन मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ के बाद भेजा गया जेल

मनरेगा में 39 लाख रुपये गबन मामले का फरार आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ के बाद भेजा गया जेल

गुमला। डुमरी प्रखंड में मनरेगा योजना के तहत लगभग 39 लाख रुपये के कथित गबन मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डुमरी थाना कांड संख्या 22/25 के फरार अभियुक्त विक्रम सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मई 2025 में डुमरी प्रखंड में मनरेगा योजना के तहत 16 लाख रुपये और 23 लाख रुपये सहित कुल 39 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया था। मामले के उजागर होने के बाद डुमरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस द्वारा अनुसंधान शुरू किया गया था।

जांच के दौरान सामने आया कि मुख्य आरोपियों राजू साहू, अमित नायक एवं विक्रम सिंह ने कथित रूप से फर्जी कर्मचारी (फर्जी एंप्लॉयी) बनाकर अपने परिजनों एवं करीबी रिश्तेदारों के बैंक खातों में अवैध रूप से राशि हस्तांतरित कर सरकारी धन का गबन किया था। मामला दर्ज होने के बाद सभी आरोपी फरार चल रहे थे।

इसी बीच भरनो थाना क्षेत्र में हुई एक सड़क दुर्घटना के बाद डुमरी पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर पुलिस ने पालकोट निवासी विक्रम सिंह (पिता – योगेश सिंह) को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया और डुमरी थाना लाया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार पूछताछ के दौरान विक्रम सिंह ने मामले से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी और साक्ष्य उपलब्ध कराए तथा घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी लगातार छापेमारी की जा रही है। मनरेगा जैसी जनकल्याणकारी योजना में सरकारी राशि के दुरुपयोग के इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

गौरतलब है कि फर्जी कर्मियों के नाम पर भुगतान कर सरकारी धन के गबन का यह मामला सामने आने के बाद प्रशासनिक स्तर पर भी कई सवाल खड़े हुए थे। अब मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ मामले की परतें खुलने की उम्मीद बढ़ गई है।