दिशा समिति की बैठक में सांसद सुखदेव भगत सख्त, योजनाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता पर दिया जोर

दिशा समिति की बैठक में सांसद सुखदेव भगत सख्त, कहा– योजनाओं में पारदर्शिता, गुणवत्ता और जवाबदेही से नहीं होगा कोई समझौता

गुमला। जिला समाहरणालय सभागार में लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) के अध्यक्ष सुखदेव भगत की अध्यक्षता में जिला स्तरीय दिशा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न विकास योजनाओं की विभागवार समीक्षा करते हुए सांसद ने अधिकारियों को योजनाओं के पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए।

बैठक की शुरुआत पूर्व दिशा समिति की बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन प्रतिवेदन की समीक्षा से हुई। सांसद ने स्पष्ट कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को पूर्व में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

एनएचएआई और राष्ट्रीय उच्च पथ विभाग पर जताई नाराजगी

राष्ट्रीय उच्च पथ प्रमंडल एवं एनएचएआई की समीक्षा के दौरान सांसद ने योजनाओं की प्रगति एवं जांच संबंधी सूचनाएं समिति को उपलब्ध नहीं कराने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सभी विभागों की जिम्मेदारी है। सड़क सुरक्षा, दुर्घटनाओं की रोकथाम, ब्लैक स्पॉट सुधार, कॉरिडोर मॉनिटरिंग एवं कैमरा स्थापना को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

खनन प्रभावित क्षेत्रों को मिले प्राथमिकता

हिंडाल्को प्रबंधन की समीक्षा करते हुए सांसद ने खनन प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, जलापूर्ति, सड़क एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्थानीय रैयतों और युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने, स्थानीय वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

महिला समूहों और किसानों के सशक्तिकरण पर विशेष फोकस

जेएसएलपीएस की समीक्षा के दौरान स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों एवं एफपीओ को बैंकिंग सहयोग उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। सांसद ने बैंक प्रतिनिधियों को स्थानीय भाषा में ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने का निर्देश दिया।

कृषि विभाग की समीक्षा में उन्होंने किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड के आधार पर तकनीकी सलाह उपलब्ध कराने तथा स्थानीय भाषा में कृषि संबंधी मार्गदर्शन देने पर बल दिया। वहीं उद्यान विभाग को किसानों के उत्पादों के बेहतर विपणन, कोल्ड स्टोरेज निर्माण तथा विशुनपुर के नरमा गांव में प्रस्तावित चाय खेती परियोजना में तेजी लाने के निर्देश दिए।

नगर परिषद और जुडको परियोजनाओं पर सख्त रुख

नगर परिषद की समीक्षा में बाजार टांड़ की साफ-सफाई, जलजमाव, पार्किंग शुल्क, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं अवैध वसूली के मामलों पर चर्चा हुई। सांसद ने आउटसोर्सिंग एजेंसियों की नियमित निगरानी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया।

जुडको की योजनाओं में समन्वय की कमी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि करोड़ों रुपये की योजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों एवं जिला प्रशासन को समय पर उपलब्ध कराई जानी चाहिए। विद्युत शवदाह गृह के संचालन में हो रही देरी पर भी उन्होंने चिंता जताई।

स्वास्थ्य, शिक्षा और मनरेगा योजनाओं की हुई समीक्षा

स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में मातृत्व वार्ड विस्तार, ब्लड स्टोरेज यूनिट और एंबुलेंस सेवाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग से जुड़े लंबित मामलों, जर्जर विद्यालय भवनों और विभिन्न संस्थानों से संबंधित शिकायतों की जांच कराने का निर्देश दिया गया।

इसके अलावा मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल एवं स्वच्छता, पशुपालन, मत्स्य, आपूर्ति, खेल एवं युवा कार्य विभाग सहित अन्य विभागों की योजनाओं की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को मिलेगी नई गति : सुखदेव भगत

बैठक के समापन पर सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि दिशा समिति केवल समीक्षा का मंच नहीं, बल्कि विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर विकास कार्यों को गति देने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समिति के निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करें और समस्याओं के समाधान के लिए सक्रिय पहल करें।

उन्होंने विश्वास जताया कि नियमित अनुश्रवण, जवाबदेही और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से गुमला जिले के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी तथा आम जनता को योजनाओं का अधिकतम लाभ प्राप्त होगा।

बैठक में उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो, पुलिस अधीक्षक हारिस बिन जमा, जिला परिषद अध्यक्ष किरण माला बाड़ा, नगर परिषद अध्यक्ष शकुंतला उरांव, उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं दिशा समिति के सदस्य उपस्थित थे।