महुआडांड भाजपा कार्यालय में मनाया गया सुशासन दिवस, अटल जी को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि।
प्रशांत सिंह और अमित जायसवाल के नेतृत्व में हुआ आयोजन।

महुआडांड
भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर गुरुवार को महुआडांड स्थित भाजपा कार्यालय में ‘सुशासन दिवस’ का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं ने अटल जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
यह कार्यक्रम भाजपा के पूर्वी मंडल अध्यक्ष प्रशांत सिंह और पश्चिमी मंडल अध्यक्ष अमित कुमार जायसवाल के संयुक्त नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन भारतीय राजनीति के लिए एक आदर्श है। उन्होंने सुशासन की जो नींव रखी थी, आज उसी पर चलकर देश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
मौके पर विशेष रूप से उपस्थित पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय जायसवाल ने अटल जी के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें जन-जन का नेता बताया। उन्होंने कहा कि अंत्योदय और सुशासन का जो सपना श्रद्धेय अटल जी ने देखा था, उसे धरातल पर उतारना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद थे, जिन्होंने देश के विकास में अटल जी के ऐतिहासिक योगदानों को याद किया।
