महुआडांड़ थाना निरीक्षण में सख्त दिखे एसपी कुमार गौरव, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के दिए निर्देश

पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने शनिवार को महुआडांड़ थाना एवं आईआरबी-4 सैट 140 का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एसपी ने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने थाना प्रभारी को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जाए और किसी भी तरह की ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी ने लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने पर जोर दिया तथा असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अपराध और उग्रवाद पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सुनियोजित रणनीति के तहत काम करना आवश्यक है। ग्रामीण क्षेत्रों में सूचना तंत्र को मजबूत करने पर विशेष बल देते हुए उन्होंने स्थानीय स्तर पर पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय बनाने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अभिलेखों के अद्यतन संधारण, थाना परिसर की स्वच्छता बनाए रखने और आम जनता के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने थाना में आने वाले ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर थाना प्रभारी मनोज कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

You may have missed