मेराल थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में तेजी, लोग दहशत में
मेराल थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरी की घटना में काफी तेजी से बढ़ रही है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात्रि लगमा बस स्टैंड के समीप दुकान का सट्टर तोड़कर चोरी करने का असफल प्रयास किया गया, वहीं लातदाग गांव में दो घरों में चोरी हो गई। गांव के लोगों के अनुसार लातदाग निवासी अखिलेश यादव तथा मदन मोहन रजक के घर में अज्ञात चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया। प्रभावित परिवार द्वारा घटना को लेकर मेराल थाना में आवेदन दिया गया है। लगमा बस स्टैंड के पास एक दुकान में ताला तोड़कर चोरी करने का प्रयास किया गया। इस घटना को लेकर भी दुकानदार अखिलेश सोनी द्वारा थाना में आवेदन दिया गया है।आवेदकों ने पुलिस से मामले की छानबीन कर कार्रवाई करने की मांग की है। चोरी की घटना की जानकारी मिलने के बाद लगमा तथा लातदाग दोनों जगह पुलिस गई तथा मामले की छानबीन की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व सोहवरिया गांव में भी दो घर में चोरी की घटना घटी थी। चोरी की घटना में अचानक वृद्धि होने से लोग सशंकित एवं भयभीत हैं।




