मेराल पूर्वी पंचायत में पूर्ण शराबबंदी को लेकर जन सुनवाई, 33 लोगों ने छोड़ा शराब का धंधा

मेराल पूर्वी के पंचायत सचिवालय में सोमवार को पंचायत में पूर्ण शराब बंदी को लेकर जनता दरबार (जन सुनवाई) मुखिया राम सागर महतो के अध्यक्षता में आयोजन किया गया। आयोजित दरबार में मुखिया रामसागर महतो ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए शराब से दूर रहने के लिए प्रेरित किया । मुखिया ने शराबबंदी को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों से सहयोग और समर्थन मांगा है। गौरतलब हो कि मेराल पूर्वी के विभिन्न वार्डों में बीते दिनों शराब बंदी को लेकर सघन अभियान चलाया गया था। जिसमें महुआ शराब के धंधा में संलिप्त 37 लोगों को नोटिस देकर जनसुनवाई में उपस्थित होने के लिए कहा गया था। मुखिया द्वारा भेजे गए नोटिस पर 33 लोग जनसुनवाई में उपस्थित हुए। पंचायती राज पदाधिकारीयों के बातों से प्रभावित होकर सभी ने शराब के कारोबार को बंद करने का अपना निर्णय सुनाया है। इस अवसर पर उद्योग विभाग के महेंद्र विश्वकर्मा, प्रियंका कुमारी ने लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए बैंक से ऋण दिलाने का आश्वासन दिया है। इस अवसर पर उप मुखिया अली शेर अंसारी पंचायत सचिव राधा कुमारी, जेएसएलपीएस के पंकज कुमार, पंचायत सहायक मकसूद आलम, वार्ड सदस्य भोला राम, उषा देवी, मोती राम, अशोक राम सहित महिला पुरुष शामिल थे।