मेंस पार्लर और स्पा सेंटर पर छापेमारी, संचालक समेत आधा दर्जन पकड़े गए
छोटीकल्याणी-अमर सिनेमा रोड स्थित एक बिल्डिंग में सोमवार की रात नगर थाना पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस को सूचना मिली थी कि मेंस पार्लर और स्पा सेंटर की आड़ में देह व्यापार का धंधा चल रहा है। छापेमारी के दौरान संचालक समेत छह लोगों को हिरासत में लिया गया।
हालांकि, पुलिस को मौके से कोई आपत्तिजनक सामान नहीं मिला और न ही किसी को आपत्तिजनक हालत में पकड़ा गया। पार्लर में काम करने वाली लड़कियों को पुलिस ने हिरासत में नहीं लिया। लेकिन, लड़कियों ने आरोप लगाया कि महिला पुलिसकर्मियों ने उनके साथ मारपीट की और मोबाइल फोन भी छीन लिए। पुलिस ने इन आरोपों से इंकार किया है।
नगर थानाध्यक्ष शरत कुमार ने बताया कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर उनके नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बताया गया कि उक्त बिल्डिंग में एक साथ छह मेंस पार्लर और स्पा सेंटर चल रहे थे। सभी में अलग-अलग केबिन बने थे, जिनमें नीचे गद्दा भी लगा हुआ था। अंदर काले शीशे लगे होने से गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही थीं।
छापेमारी की खबर फैलते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए और पुलिस कार्रवाई को देखते रहे।

