मदन विश्वकर्मा ने विधायक प्रतिनिधि का संभाला पदभार, CCL अधिकारियों संग की बैठक
गिरिडीह। झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू द्वारा सिविल सर्जन कार्यालय एवं CCL परियोजना कार्यालय के विधायक प्रतिनिधि मनोनीत किए जाने के बाद मदन विश्वकर्मा ने गुरुवार को पदभार संभाला।
पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने CCL परियोजना कार्यालय पहुंचकर महाप्रबंधक कन्हैया शंकर गैवाल और परियोजना पदाधिकारी गोपाल सिंह मीणा के साथ बैठक की। इस दौरान क्षेत्र की समस्याओं, विकास कार्यों, श्रमिकों की सुविधाओं और लंबित मामलों पर चर्चा की गई। उन्होंने जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित और पारदर्शी समाधान पर जोर दिया।
इसके बाद मदन विश्वकर्मा ने CCL डीएवी स्कूल का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि मंत्री द्वारा सौंपी गई जिम्मेदारी का पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए क्षेत्र के विकास और आम लोगों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता होगी।

