मंईयां सम्मान योजना के नाम पर बड़ा खेल! 7 महिलाओं के खातों से लाखों की निकासी का आरोप
डुमरी थाना क्षेत्र के चेंगरो और सेवाटांड़ की मंजू कुमारी समेत 7 महिलाओं ने सोमवार को साइबर थाना प्रभारी को आवेदन दिया। महिलाओं ने गाणोडीह के फिनो पेमेंट बैंक के संचालक नियाज अंसारी पर आरोप लगाया िक उनके बैंक खातों में अवैध तरीके से करीब 15 लाख रुपए जमा कर निकासी कर ली गई। महिलाओं ने कहा कि उनके खातों में सरकार की ओर से सिर्फ मंईया सम्मान योजना की राशि ऑनलाइन आती है। पहले उनका खाता इंडियन बैंक डुमरी में था। नियाज अंसारी ने मंईयां सम्मान योजना का लाभ दिलाने का झांसा दिया। इसके बाद फिनो पेमेंट बैंक गाणोडीह में खाता खुलवाया। बैंक संचालक ने एक-दो बार अंगूठा निशान लगवाकर मंईयां सम्मान की राशि का भुगतान भी किया। महिलाओं का आरोप है कि संचालक ने महिलाओं के मोबाइल नंबर बदल दिए। इसके बाद अवैध तरीके से उनके खातों में 2 लाख, 1 लाख, डेढ़ लाख से ज्यादा रकम मंगवाई। फिर खुद मोटी रकम निकाल ली। जब महिलाएं मंईयां सम्मान योजना की राशि निकालने फिनो पेमेंट बैंक गईं तो खाते में 15 लाख से ज्यादा की जमा और निकासी दिखी।
पीड़ित महिलाओं मंजू देवी, जमनी देवी, जमुनी देवी, ललिता देवी, सोदवा देवी, फोगनी देवी, धनेश्वरी देवी ने कहा कि उन्होंने खाते में कोई रकम जमा नहीं की। फिर 1 लाख, 2 लाख, डेढ़ लाख, 80 हजार रुपए खाते में कहां से आए। संचालक ने अंगूठा निशान लगाकर यह रकम खाते से कैसे निकाल ली। महिलाओं ने थाना प्रभारी से फिनो बैंक संचालक पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

