मानदेय बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों को लेकर JSLPS कैडर की सैकड़ों बहनों ने सौंपा ज्ञापन

मानदेय बढ़ोतरी समेत अन्य मांगों को लेकर JSLPS कैडर की सैकड़ों बहनों ने सौंपा ज्ञापन

नीलांबर-पीतांबरपुर (पलामू)। प्रखंड क्षेत्र में झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) एवं आजीविका केंद्र संघ से जुड़ी सैकड़ों महिलाओं ने मानदेय बढ़ोतरी समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर जनप्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महिलाओं ने वर्ष 2017 से आजीविका मिशन के तहत जी-सीआरपी, एफएल-सीआरपी, बैंक सखी, बागवानी सखी, वीओए और जेआरपी समेत विभिन्न पदों पर कार्यरत कैडरों के मानदेय में बढ़ोतरी की मांग की। महिलाओं का कहना है कि वे ग्रामीण अर्थव्यवस्था और महिला सशक्तीकरण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कम मानदेय पर काम करना पड़ रहा है।

ज्ञापन के माध्यम से मानदेय में 100 प्रतिशत वृद्धि, न्यूनतम 10 हजार रुपये मासिक या श्रेणी के अनुसार सम्मानजनक दैनिक मानदेय, डीबीटी के माध्यम से सीधे बैंक खाते में भुगतान, यात्रा एवं मोबाइल भत्ता तथा 20 लाख रुपये तक का बीमा कवर देने की मांग की गई। मौके पर अध्यक्ष कंचन मेहरा, सचिव चुनचुन देवी, कोषाध्यक्ष कंचन शर्मा, पुष्पा देवी, सुमित्रा देवी, श्वेता रानी, लीलावती देवी समेत बड़ी संख्या में जेएसएलपीएस कैडर मौजूद रहीं। जनप्रतिनिधि ने महिलाओं की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि उनकी जायज मांगों को राज्य सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा और उनके श्रम का उचित सम्मान एवं आर्थिक अधिकार दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।