लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है केंद्र सरकार … मंत्री मिथिलेश

0
1a3f2a40-498c-4a20-b45c-5eb40f1f3e2c

लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है केंद्र सरकार : मंत्री मिथिलेश

हेमंत के खिलाफ षड्यंत्र पूर्ण कार्रवाई के विरुद्ध झामुमो ने शुरू किया न्याय मार्च

 

गढ़वा : हेमंत सोरेन के विरुद्ध केंद्र सरकार द्वारा षड्यंत्र पूर्ण कार्रवाई के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा ने न्याय मार्च की शुरुआत की है। मंगलवार को गढ़वा प्रखंड के कोरवाडीह पंचायत से न्याय मार्च की शुरुआत की गई। इस न्याय मार्च में झामुमो ने केंद्र सरकार के विरुद्ध जमकर भड़ास निकाला। जिले के सभी पंचायतों में न्याय मार्च का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान मंत्री श्री ठाकुर ने इमाम मौलाना खुर्शीद एवं मंदिर के पुजारी हर्ष चौबे को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित गढ़वा विधायक झारखंड सरकार के पेयजल एवं स्वच्छता सह उत्पाद एवं मद्य निषेध मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि केंद्र में जब से भाजपा की सरकार बनी है, लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में केंद्र की भाजपा सरकार ने जनहित का कोई कार्य नहीं किया। बल्कि सिर्फ जाति एवं धर्म के नाम पर पूरे देश में लोगों को बांट कर रख दिया है। साथ ही केंद्र सरकार ने एक और काम किया है कि जिस राज्य में भाजपा की सरकार नहीं बनी, जिस राज्य की जनता ने भाजपा को ठुकरा दिया। वहां केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर सरकार को प्रताड़ित करने एवं विकास कार्य को करने का काम किया है। मंत्री ने कहा कि न्याय यात्रा का मकसद पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा जनहित के किए गए कार्य एवं केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा विकास को बाधित करने के लिए रचे जा रहे षड्यंत्र को जन-जन तक पहुंचना है। ताकि जनता समय आने पर नापाक मंसूबे वालों को मुंहतोड़ जवाब दे सके। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अपने घर परिवार को भूलकर दिन-रात राज्य के विकास में लगे रहते थे। उन्होंने पद एवं प्रोटोकॉल की परवाह किए बगैर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के पास जाकर राज्य के 8 लाख गरीबों को आवास का पैसा देने की गुहार लगाई। फिर भी केंद्र ने एक पैसा नहीं दिया। तब राज्य सरकार ने अपने पैसे से राज्य के 20 लाख गरीबों को आवास देने का ऐलान किया और आज कार्य प्रगति पर है। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि जनता का काम करना, उन्हें हक, अधिकार दिलाना यदि अपराध है तो इस लोकतंत्र का मालिक भगवान ही हैं। केंद्र सरकार आज जिस तरह से केंद्रीय एजेंसी का दुरुपयोग कर राज्य के विकास को बाधित कर रही है, जनता उसे कभी माफ नहीं करेगी। मंत्री श्री ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार अभिव्यक्ति की आजादी छीनना चाहती है। आने वाले समय में स्थिति ऐसी होगी कि आम जनता अपने मन से घर से बाहर तक नहीं निकल सकती। जनता का मतदान का अधिकार भी छीना जा सकता है। उन्होंने कहा कि जब से राज्य में महागठबंधन की सरकार बनी है। तब से केंद्र तरह-तरह के हथकंडा अपना रही है। पहले तो राज्यपाल के पास लिफाफा आया। उसके बाद झारखंड की राजनीति में उथल-पुथल मच गई। लेकिन आज तक वह लिफाफा कहां है पता नहीं चला। मंत्री ने कहा कि झारखंड का विकास केंद्र सरकार को रास नहीं आया। तब तरह-तरह के हथकंडे अपना कर उन्होंने हेमंत सोरेन को जेल भेज दिया। मौके पर झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता धीरज दुबे, जिला अध्यक्ष तनवीर आलम, सचिव मनोज ठाकुर, महिला मोर्चा अध्यक्ष रेखा चौबे, जिला परिषद अध्यक्ष शांति देवी, वीरेंद्र यादव, सुमेर चौधरी, मदनी खान आदि ने विचार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन मुखिया शरीफ अंसारी ने किया मौके पर मुख्य रूप से फैजूल अंसारी, अमित सिंह, अफजल अंसारी, भगवान राम, सफीक अंसारी, चंदा देवी, सोनी देवी, अराधना सिंह, शिवनाथ चौधरी, चंचल रवि, शंभू राम, सकीना बीवी सहित काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed