लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट का 7वां पदस्थापना समारोह, राहुल बर्मन बने अध्यक्ष

लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट का 7वां पदस्थापना समारोह संपन्न, राहुल बर्मन बने अध्यक्ष; डॉ. सुमन कुमार सचिव और मसरूर आलम सिद्दीकी कोषाध्यक्ष निर्वाचित

गिरिडीह। लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट का 7वां पदस्थापना समारोह रविवार देर रात सेलिब्रेशन, सिरसिया (गिरिडीह) में गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ। समारोह में आगामी सत्र के लिए लायन राहुल बर्मन को क्लब का अध्यक्ष, लायन डॉ. सुमन कुमार को सचिव तथा लायन मसरूर आलम सिद्दीकी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। नई कार्यकारिणी ने समाज सेवा, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता लायन दशरथ प्रसाद ने की, जबकि संचालन लायन राहुल कृष्णा ने किया। मुख्य अतिथि के रूप में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन शुभ्रा मजूमदार उपस्थित रहीं। पूर्व जिलापाल लायन राहुल वर्मा ने इंस्टॉलेशन ऑफिसर तथा पूर्व जिलापाल लायन सिद्धार्थ मजूमदार ने इंडक्शन ऑफिसर की भूमिका निभाई। वहीं लायन राजेश कुमार गुप्ता इंस्टॉलेशन चेयरपर्सन और रीजन चेयरपर्सन लायन धर्म प्रकाश विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके बाद क्लब की ओर से सभी अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत किया गया। अपने स्वागत भाषण में इंस्टॉलेशन चेयरपर्सन लायन राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट स्थापना काल से ही मानव सेवा और सामाजिक कार्यों में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने बताया कि आने वाले वर्ष में क्लब विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण और हेल्थ चेकअप कार्यक्रमों पर जोर देगा।

मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर लायन शुभ्रा मजूमदार ने कहा कि मात्र सात वर्षों में लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह एलीट ने सेवा कार्यों के माध्यम से जिले में अपनी अलग पहचान बनाई है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम के नेतृत्व में क्लब समाज सेवा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित करेगा।

इंडक्शन ऑफिसर लायन सिद्धार्थ मजूमदार ने नए सदस्यों को सदस्यता ग्रहण कराते हुए कहा कि लायंस इंटरनेशनल विश्व का सबसे बड़ा सेवा संगठन है, जो जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करता है। उन्होंने समाज सेवा के इच्छुक लोगों से लायंस क्लब से जुड़ने का आह्वान किया।

इंस्टॉलेशन ऑफिसर लायन राहुल वर्मा ने नई कार्यकारिणी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि अध्यक्ष, सचिव और कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारियां अत्यंत महत्वपूर्ण होती हैं और इन पदाधिकारियों पर लायंस इंटरनेशनल के उद्देश्यों को धरातल पर उतारने की जवाबदेही रहती है।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन राहुल बर्मन ने कहा कि उनके नेतृत्व में क्लब सेवा कार्यों में नया कीर्तिमान स्थापित करेगा और जरूरतमंदों तक अधिक से अधिक सहायता पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

रीजन चेयरपर्सन लायन धर्म प्रकाश ने अपने संबोधन में बताया कि इस वर्ष लायंस इंटरनेशनल का स्लोगन “Rooted in Service” तथा डिस्ट्रिक्ट का स्लोगन “Lionism Dil Se” है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सदस्य को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा कार्य करना होगा, तभी संगठन का उद्देश्य सफल होगा।

समारोह में लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह टाउन, लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह जागृति, लायंस क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन, रोटरी क्लब गिरिडीह, रोटरी कपल क्लब के अध्यक्ष एवं सचिव सहित शहर के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। इसके अलावा नगर थाना एवं मुफस्सिल थाना के थाना प्रभारी, चाणक्य पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अनिल बर्मन, अविष्कार डायग्नोस्टिक के निदेशक दिवेन तिवारी, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. विनय गुप्ता सहित बड़ी संख्या में क्लब सदस्य एवं उनके परिवारजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में डॉ. दीपक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह को सफल बनाने में डॉ. ज्ञान प्रकाश, राहुल कुमार, अरुण कुमार साव, अवनीश अंशु, उदय भदानी, गुंजन कुमार शर्मा, विकास गुप्ता, सौरभ महासेठ, शत्रुघ्न सिंह, रवि राज, गौतम सागर सहित क्लब के सभी सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।