गिरिडीह पहुंचे वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, राजस्व बढ़ाने और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

गिरिडीह पहुंचे वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, राजस्व बढ़ाने और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

परिसदन भवन में गिरिडीह, हजारीबाग और देवघर के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक, डीसी रामनिवास यादव व एसपी डॉ. बिमल कुमार ने किया स्वागत

गिरिडीह, 26 जुलाई। झारखंड सरकार के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर के गिरिडीह आगमन पर परिसदन भवन में उपायुक्त रामनिवास यादव एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इसके बाद मंत्री ने गिरिडीह, हजारीबाग और देवघर के अधिकारियों के साथ वाणिज्य-कर एवं योजना एवं विकास विभाग की विस्तृत समीक्षा बैठक की।

बैठक में राजस्व संग्रह की प्रगति, कर प्रशासन की कार्यप्रणाली, विभागीय उपलब्धियों, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, योजनागत व्यय, लक्ष्य प्राप्ति तथा भावी कार्ययोजना की बिंदुवार समीक्षा की गई।

समीक्षा के दौरान मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचे। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में जवाबदेही, गुणवत्ता और सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

वाणिज्य-कर विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए मंत्री ने राजस्व संग्रह के निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने, कर प्रशासन को अधिक पारदर्शी एवं तकनीक आधारित बनाने तथा करदाताओं को समयबद्ध और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट और उपलब्धियों का प्रस्तुतीकरण किया। मंत्री ने सभी योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य कर राज्य के समग्र विकास और सुशासन के लक्ष्य को साकार करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर गिरिडीह, हजारीबाग एवं देवघर के विभिन्न विभागों के वरीय अधिकारी और पदाधिकारी मौजूद रहे।