कोयल रिवर फ्रंट पर 600 विद्यार्थियों ने चलाया स्वच्छता अभियान, डीसी ने दिया स्वच्छता का संदेश

प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध है पलामू,इसे स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी :उपायुक्त

राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन पर कोयल रिवर फ्रंट में चला स्वच्छता अभियान, 600 छात्र-छात्राओं ने लिया हिस्सा

झारखंड राज्य स्थापना दिवस पखवाड़ा के समापन के अवसर पर शनिवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत की अगुवाई में कोयल रिवर फ्रंट पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार के संयोजन में आयोजित इस अभियान में गिरिवर, ब्राह्मण, केजी एवं जिला स्कूल के करीब 600 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने रिवर फ्रंट परिसर की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया। अभियान में शहर के कई गणमान्य लोग भी शामिल हुए।

इस अवसर पर उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि पलामू प्राकृतिक सौंदर्य से समृद्ध जिला है। झारखंड जल, जंगल और जमीन का राज्य है। ऐसे में गांव, शहर, नदियों और जंगलों की स्वच्छता एवं सुरक्षा हम सभी का सामूहिक दायित्व है। स्वच्छता के लिए हमें स्वयं आगे आना होगा। झाड़ू उठाने में किसी तरह का संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छ जिले का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

उपायुक्त श्री शेखावत ने कहा कि आज के इस सफल अभियान का संदेश केवल एक स्थान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि पूरे जिले में पहुंचना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वच्छता अभियान की मजबूत कड़ी बताते हुए कहा कि इस मुहिम की जिम्मेदारी वे विद्यार्थियों को सौंपते हैं। विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी के बिना स्वच्छता के लक्ष्य को प्राप्त करना संभव नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान डीसी ने स्वच्छता अभियान में भाग लेने वाले चारों विद्यालयों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। मौके पर अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार, एलआरडीसी प्यारे लाल, जिला शिक्षा पदाधिकारी संदीप कुमार, सहायक नगर आयुक्त प्रमोद उरांव, जिला शिक्षा अधीक्षक अनुराग सुभाष एक्का, एडीपीओ अंबुज्या पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।