“कोडरमा में सांसद खेल महोत्सव 2025 का शानदार समापन, युवाओं ने दिखाया खेल कौशल”

कोडरमा लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत आयोजित सांसद खेल महोत्सव 2025 का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आज +2 उच्च विद्यालय, पलौंजिया, बिरनी, गिरिडीह में भव्य, सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हुए विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत छऊ (Chhau) नृत्य ने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया, जो वीरता, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना का जीवंत उदाहरण रहा।
सांसद खेल महोत्सव 2025 के अंतर्गत कुल 8603 प्रतिभागियों का पंजीकरण किया गया, जिनमें से 6285 खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता की। महोत्सव के दौरान कुल 13 खेल विधाओं का आयोजन किया गया, जिनमें साइक्लोथॉन, एथलेटिक्स, शॉट पुट, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, जैवलिन थ्रो, शतरंज, टेबल टेनिस, कबड्डी, खो-खो, फुटबॉल एवं लगोरी (सेवन स्टोन्स) शामिल रहीं।
प्रतियोगिताओं के सफल समापन के पश्चात कुल 363 विजेता खिलाड़ियों एवं 363 उप-विजेता खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मोमेंटो एवं सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। यह आयोजन युवाओं को खेल, स्वास्थ्य और सकारात्मक जीवनशैली से जोड़ने की दिशा में एक प्रभावी पहल सिद्ध हुआ।

समारोह को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सह नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, संघर्ष और नेतृत्व की सीख देता है तथा ऐसे आयोजन उन्हें नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखकर राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ते हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती खेल प्रतिभाओं से समृद्ध है और सही मंच मिलने पर यहां के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

सांसद सह केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अपने संबोधन में कहा कि खेल महोत्सव युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। खेल न केवल शारीरिक मजबूती प्रदान करता है, बल्कि आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच भी विकसित करता है। उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों के खिलाड़ियों की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से “फिट युवा – विकसित भारत” के संकल्प को मजबूती मिलती है।

वहीं सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव ने क्षेत्र के हजारों युवाओं को एक साझा मंच प्रदान किया है, जहां खेलों के माध्यम से आपसी भाईचारा, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है। उन्होंने भविष्य में इस प्रकार के और भी बड़े एवं व्यापक खेल आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।

इस अवसर पर सांसद काली चरण सिंह, विधायक जनार्दन पासवान, उज्ज्वल दास एवं प्रदीप प्रसाद, प्रदेश उपाध्यक्ष विकास प्रीतम, जिला अध्यक्ष अनूप जोशी एवं महादेव दुबे, जिला प्रभारी रोहित लाल सिंह, प्रदेश मंत्री दिलीप वर्मा, पूर्व जिला अध्यक्षगण यदुनंदन पाठक,अशोक उपाध्यक्ष एवं विनय शर्मा, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष दिनेश यादव, हरीश श्रीवास्तव, जिला महामंत्री महेंद्र वर्मा, सांसद खेल महोत्सव के मुख्य समन्वयक मुकेश जालान, संयोजक देवनाथ राणा एवं वीरेंद्र मेहता, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य संजीव सिंह तथा जिला आईटी सेल संयोजक शाहिल शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, संगठन पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे इस खेल महोत्सव का हिस्सा बनकर अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का अनुभव कर रहे हैं। विद्यार्थियों ने बताया कि इतने बड़े मंच पर खेलना, हजारों खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धा करना और सम्मान प्राप्त करना उनके लिए प्रेरणादायी एवं अविस्मरणीय क्षण है।

समापन अवसर पर उपस्थित अतिथियों, खिलाड़ियों, अभिभावकों एवं स्थानीय नागरिकों ने सांसद खेल महोत्सव 2025 को ऐतिहासिक, प्रेरणादायी और अत्यंत सफल आयोजन बताया। यह महोत्सव क्षेत्र के युवाओं के लिए नई ऊर्जा, आत्मविश्वास और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सशक्त कदम के रूप में स्मरणीय रहेगा।