कमारू गांव में सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास, विधायक रामचन्द्र सिंह ने किया शुभारंभ
सतबरवा प्रखंड के कमारू गांव में मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास शनिवार को मनिका विधायक रामचन्द्र सिंह ने किया। इस मौके पर उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। निर्माणाधीन सड़क कमारू गांव निवासी रामयाद साव के घर से शुरू होकर डोगवाटांड प्राथमिक विद्यालय होते हुए श्मशान घाट तक बनाई जाएगी। शिलान्यास कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही, जिससे क्षेत्र में विकास को लेकर उत्साह देखा गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रामचन्द्र सिंह ने कहा कि सड़क किसी भी गांव के विकास की रीढ़ होती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सड़क निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरा कराया जाएगा, ताकि लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने सड़क के साथ नाली निर्माण की मांग रखी, जिस पर विधायक ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जागरूकता ही विकास की कुंजी है। मौके पर बेबी देवी ने 30 अप्रैल को हुई अगलगी की घटना से विधायक को अवगत कराया। वहीं ग्रामीणों ने दुबियाखांड़ में टोल टैक्स और प्रखंड में शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया। इस पर विधायक ने कहा कि सभी मामलों को संज्ञान में लिया गया है और संबंधित विभागों से इस संबंध में बातचीत की जा चुकी है। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि प्रमोद यादव ने विधायक को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। मौके पर करमचंद साहू, अरुण कुमार, अमित कुमार, पिंटू, इंद्रदेव ओरांव, अयोध्या यादव, मिडिया प्रभारी अमित कुमार,कमलेश यादव और अरविंद विश्वकर्मा सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

