कल्पना सोरेन और डीसी ने छठ घाटों का किया निरीक्षण, श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए दिए निर्देश

गिरिडीह। आगामी छठ महापर्व के मद्देनजर विधायक गांडेय कल्पना मुर्मू सोरेन और उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने सेनादोनी ग्राम स्थित तालाब तथा लेदा स्थित छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान छठव्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता एवं घाटों पर मूलभूत सुविधाओं की तैयारियों का आकलन किया गया।
निरीक्षण के दौरान घाटों की साफ-सफाई, पहुंच मार्ग, प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और अन्य आवश्यक सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा हुई। मौके पर पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार, उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन ने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था, श्रद्धा और पवित्रता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान छठव्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाना आवश्यक है।
उन्होंने निर्देश दिया कि घाटों पर साफ-सफाई, सुरक्षित आवागमन और अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ भगवान सूर्य की उपासना कर सकें। उन्होंने पर्व के दौरान स्वच्छता और जनसहभागिता को भी महत्वपूर्ण बताया।
विधायक ने स्थानीय लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जिन समस्याओं का समाधान मौके पर संभव था, उनका तत्काल निराकरण कराया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित पदाधिकारियों के समक्ष आवश्यक कार्रवाई हेतु अग्रसारित किया गया। उन्होंने कहा कि आमजनों की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रामनिवास यादव ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां जारी हैं।
उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों और आसपास के क्षेत्रों में आवश्यक व्यवस्थाओं का समुचित आकलन किया जाए। कमियों को चिह्नित कर उनके निराकरण के लिए तत्परता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।