केसरवानी परिवार ने मंदिर परिसर में लगाए फलदार-छायादार पौधे, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

हर व्यक्ति को एक पौधा लगाने की जरूरत : डॉक्टर पातंजली
केसरवानी परिवार ने लगाए फलदार और छायादार पौधे
गढ़वा। केसरवानी परिवार की भंडरिया इकाई ने प्रखंड के शिव मंदिर के प्रांगण में रविवार को विभिन्न प्रकार के फलदार और छायादार पौधे लगाए । पौधारोपण कार्यक्रम को सफल बनाने में चिकित्सक डॉक्टर पातंजली केशरी, केसरवानी परिवार के भंडरिया प्रखंड अध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद केसरी, श्री राम इंश्योरेंस के गढ़वा शाखा प्रबंधक अमित कुमार केसरी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई । इस दौरान दर्जनाधिक लोगों ने हरित क्रांति लाने के उद्देश्य से मंदिर परिसर में आम, पीपल, आंवला, नींबू पपीता, शीशम सहित अन्य पौधारोपण किया ।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए आरपी एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के निदेशक सह भाजपा नेता डॉक्टर पातंजली केशरी ने कहा कि पर्यावरण संतुलन के लिए पौधारोपण आवश्यक है । प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा जरूर लगाना चाहिए । भौतिकवादी युग में हम प्रकृति से दूर होते जा रहे हैं । विषम परिस्थिति में प्रकृति जीवन रक्षक का कार्य करती है । प्रकृति की गोद में रहकर ही हम सर्वांगीण विकास कर सकते हैं । वर्तमान समय में प्रदूषण और पेड़ों की कटाई का जलवायु पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है । शुद्ध वायु, जल स्तर, कृषि उपज में बढ़ोतरी के लिए पौधारोपण आवश्यक है ।
केसरवानी परिवार के भंडरिया अध्यक्ष राजेश्वर प्रसाद केसरी ने कहा कि हम कुछ भी कर लें परंतु अनाज के बगैर जिंदा नहीं रह सकते हैं । बेहतर मानसून के लिए संतुलित जलवायु का होना अनिवार्य है । इसके लिए हम सभी को पौधारोपण करने की जरूरत है ।
मौके पर विवेक कुमार केसरी रामकुमार केसरी, अनिल कुमार केसरी, रामनाथ प्रसाद केसरी, अजय केसरी, चंदन कुमार केसरी, प्रमोद कुमार केसरी, ओमप्रकाश केसरी, संतोष कुमार केसरी, राज कुमार केसरी सत्येंद्र कुमार केसरी, रामजन्म कुमार केसरी, अनंत कुमार, आनंद समेत काफी संख्या में लोग उपस्थित थे ।