केंद्रीय विद्यालय की जर्जर सड़क को लेकर सूरज गुप्ता ने डीसी से की तत्काल कार्रवाई की मांग

केंद्रीय विद्यालय की जर्जर सड़क को लेकर सूरज गुप्ता ने डीसी से की तत्काल कार्रवाई की मांग

गढ़वा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी और भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सूरज गुप्ता ने उपायुक्त पशुपति नाथ मिश्रा से मुलाकात कर टंडवा स्थित केंद्रीय विद्यालय तक जाने वाली सड़क के निर्माण और मरम्मत की मांग की। उन्होंने बताया कि एनएच-343 से केंद्रीय विद्यालय तक जाने वाली सड़क काफी संकरी है और घनी आबादी के बीच लगभग 400 फीट हिस्सा कीचड़ व बड़े-बड़े गड्ढों के कारण खतरनाक हो गया है। इस रास्ते से बच्चों को लेकर गुजरने वाले टेंपो वाहनों के दुर्घटनाग्रस्त होने पर गंभीर नुकसान की आशंका जताई गई है।

सूरज गुप्ता ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले सांसद बीडी राम और तत्कालीन उपायुक्त के प्रयास से नई सड़क निर्माण के लिए टेंडर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, लेकिन अब तक धरातल पर काम शुरू नहीं हुआ है। उन्होंने सड़क निर्माण में आ रही अड़चन को जल्द दूर कर निर्माण कार्य शुरू कराने और तब तक मौजूदा सड़क की मरम्मत कराने का आग्रह किया। उपायुक्त ने बच्चों की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।