केजी बालिका विद्यालय की 34 छात्राओं को मिली साइकिल, डीसी बोले- “यह विकास का पहिया

केजी बालिका विद्यालय की 34 छात्राओं को मिली साइकिल, डीसी बोले- “यह विकास का पहिया”

मेदिनीनगर के केजी बालिका उच्च विद्यालय में बुधवार को कल्याण विभाग की ओर से साइकिल वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कक्षा आठ की अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक और पिछड़ा वर्ग की 34 छात्राओं को साइकिल प्रदान की।

इस दौरान उपायुक्त ने कहा कि सुदूर क्षेत्रों से विद्यालय आने वाली छात्राओं के लिए साइकिल आवागमन को आसान बनाएगी। उन्होंने कहा कि “साइकिल केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास का पहिया है।” इससे छात्राओं को नियमित स्कूल आने और आगे की पढ़ाई जारी रखने में मदद मिलेगी। उपायुक्त ने विद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।

उपायुक्त ने छात्राओं को सरकार की विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी देते हुए उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से छात्राएं अपने सपनों को पूरा करने के साथ परिवार और समाज के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं और अन्य कर्मी मौजूद रहे।