कचहरी परिसर में बेरोजगार समाज मोर्चा ने मनाई डॉ. राधाकृष्णन की जयंती

कचहरी परिसर में बेरोजगार समाज मोर्चा ने मनाई डॉ. राधाकृष्णन की जयंती

मेदिनीनगर। बेरोजगार समाज मोर्चा की ओर से कचहरी परिसर में भारत रत्न एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की 138वीं जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मोर्चा अध्यक्ष उदय राम ने की, जबकि संचालन संजय कुमार ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई।

मौके पर उदय राम ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन महान शिक्षाविद, दार्शनिक, विचारक और चिंतक थे। उनका जन्म 5 सितंबर 1888 को हुआ था और उनके जन्मदिन को देशभर में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने 1962 से 1967 तक देश के दूसरे राष्ट्रपति के रूप में अपनी सेवाएं दीं तथा वर्ष 1954 में उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया। उन्होंने कहा कि डॉ. राधाकृष्णन साधारण शिक्षक से राष्ट्रपति के पद तक पहुंचे और उनका जीवन राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायक है। शिक्षक समाज के राष्ट्र निर्माता होते हैं और शिक्षा के माध्यम से लोगों को अंधकार से प्रकाश की ओर ले जाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा की ज्योति से समाज को रोशन करना ही डॉ. राधाकृष्णन के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इस अवसर पर कृष्णा राम, सूरज कुमार, विकास कुमार, अभिषेक कुमार, जयपाल मोची, संजय मिस्त्री, संतोष विश्वकर्मा, सतीश दुबे, रवि कुमार एवं गोपाल चौधरी ने भी अपने विचार रखे। रामनरेश महतो ने धन्यवाद ज्ञापित किया।