काशी में बनेगा दुनिया का सबसे ऊंचा 130 फीट शिवलिंग, 100 करोड़ की लागत से विकसित होगा शिव थीम पार्क

वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी को एक और ऐतिहासिक सौगात मिलने जा रही है। भेलूपुर जलकल विभाग की 20 एकड़ भूमि पर 100 करोड़ रुपये की लागत से विश्व का सबसे ऊंचा 130 फीट शिवलिंग स्थापित किया जाएगा। यह शिव थीम पर आधारित वर्ल्ड क्लास अर्बन पार्क का मुख्य आकर्षण होगा। शासन से मंजूरी मिल चुकी है और अगले 8-9 महीनों में परियोजना पूरी होने की संभावना है।

पार्क में लेजर शो, वॉकिंग ट्रैक, बच्चों के लिए हाईटेक झूले, ओपन आर्ट गैलरी, फूड कोर्ट, प्लैनेटोरियम, लाइब्रेरी और विशाल हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा। यहां काशी की विभूतियों और पद्म पुरस्कार विजेताओं की उपलब्धियों को भी दर्शाया जाएगा। नगर आयुक्त के अनुसार यह परियोजना पर्यटन बढ़ाने के साथ शहरवासियों के जीवन स्तर को भी नई दिशा देगी और काशी को वैश्विक पहचान दिलाएगी।