कांडी में प्रशासन का बड़ा एक्शन: मुख्य सड़क से बुलडोजर से साफ हुआ अवैध अतिक्रमण, जाम से मिलेगी मुक्ति
कांडी में प्रशासन का बड़ा एक्शन: मुख्य सड़क से बुलडोजर से साफ हुआ अवैध अतिक्रमण, जाम से मिलेगी मुक्ति
कांडी (गढ़वा): कांडी बाजार से ब्लॉक रोड मुख्य सड़क पर शनिवार को प्रशासन का डंडा चला। लंबे समय से सरकारी जमीन पर जमे अवैध अतिक्रमणकारियों के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। इस अभियान का नेतृत्व अंचलाधिकारी राकेश सहाय और थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम ने संयुक्त रूप से किया। कार्रवाई के बाद अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
दरअसल, मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर लोगों ने झुग्गी-झोपड़ी और पक्की दुकानें बनाकर सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया था। इसके कारण व्यस्त सड़क बेहद संकरी हो गई थी, जिससे यहां रोजाना लंबा ट्रैफिक जाम लग रहा था। सबसे बदतर स्थिति शुक्रवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार के दिन होती थी। बाजार के दिन सड़क पर पैदल चलना भी दूभर था। स्थिति इतनी गंभीर हो जाती थी कि आपातकालीन सेवाएं जैसे एंबुलेंस और मासूम बच्चों से भरे स्कूल वाहन घंटों जाम में फंसे रहते थे। स्थानीय लोग लंबे समय से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग कर रहे थे।
प्रशासनिक अधिकारियों के मुताबिक, अतिक्रमणकारियों को पहले ही खुद से कब्जा हटाने की सख्त चेतावनी दी गई थी। इसके लिए बकायदा मुनादी भी कराई गई थी। इसके बावजूद कई दुकानदारों और रसूखदारों ने सड़क से अपना अवैध कब्जा नहीं हटाया। शनिवार को मियाद पूरी होने के बाद प्रशासन दलबल के साथ मौके पर पहुंचा और जेसीबी (बुलडोजर) की मदद से सभी अवैध ढांचों, शेड और झुग्गियों को जमींदोज कर दिया। कार्रवाई के बाद अंचलाधिकारी राकेश सहाय ने सख्त लहजे में कहा कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम जनता और दुकानदारों से अपील की है कि वे दोबारा सड़क किनारे दुकान न लगाएं और सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने दोबारा कब्जा करने की कोशिश की, तो उनके खिलाफ सीधे FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।




