जनजाति गौरव दिवस आयोजन समितिकार्यालयः आरोग्य भवन, बरियातु रोड, राँची-834009 (झारखण्ड)

जगलाल पाहन जी जनजाति गौरव दिवस आयोजन समिति के संयोजक एवं अन्य समिति सदस्य

भगवान बिरसा मुण्डा जयंती 15 नवम्बर को सम्पूर्ण भारत वर्ष में जनजाति गौरव दिवस के रूप में मनाया जाता है। भगवान बिरसा मुण्डा जी ने अंग्रेजों से गुलाम भारत को स्वतंत्र कराने के लिए सम्पूर्ण समाज के साथ बहुत बड़ा संघर्ष किया। अंग्रेज जनजाति समाज की धर्म-संस्कृति एवं परम्परा को नष्ट करने का षड्यंत्र कर रहे थे, उसके खिलाफ भी भगवान बिरसा मुण्डा जी ने आवाज उठायी। सम्पूर्ण देशभर में जनजाति समाज के हजारों लोगों ने भगवान बिरसा मुण्डा, सिद्धो-कान्हु, तिलका मांझी, नीलाम्बर-पीताम्बर, मामा टंट्या भील, भीमा नायक, वीरांगना सिनगी दई ऐसे अनेकों वीर योद्धाओं के नेतृत्व में अंग्रेजों से लड़ते हुए बलिदान देकर देश को स्वाधीनता दिलायी।
परन्तु हमसब जानते हैं जनजाति समाज की इस वीर के गौरव गाथा को इतिहास के पन्ने में कहीं स्थान नहीं दिया गया। अंग्रेजों ने षड्यंत्र पूर्वक इस समाज को कहीं क्रिमिनल तो कहीं गरीब के तौर पर प्रस्तुत करते हुए जनजाति समाज की वीरता, गौरवशाली परम्परा को दर किनार किया। सन 2022 में वर्तमान केन्द्र सरकार के प्रधानमंत्री मा. नरेन्द्र मोदी जी ने 15 नवम्बर को भगवान बिरसा मुण्डा जी के जयंती को राष्ट्रीय जनजाति गौरव दिवस घोषित करते हुए भारत के स्वाधीनता हेतु बलिदानी जनजातीय महापुरुषों को सम्मान प्रदान किया।
यह वर्ष भगवान बिरसा मुण्डा जी के जन्म की 150वीं वर्षगाठ है। इस वर्ष को भारत सरकार द्वारा जनजाति गौरव वर्ष घोषित किया गया है। इसीलिए राँची में जनजाति समाज में कार्यरत अलग-अलग सामाजिक संस्थाओं के द्वारा एकत्रित होकर जनजाति गौरव दिवस आयोजन समिति गठित कर जनजाति गौरव दिवस का भव्य उत्सव 15 नवम्बर 2025 को पदमश्री रामदयाल मुण्डा फुटबाल मैदान, राँची में करना तय हुआ है।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के तौर पर झारखण्ड राज्य के राज्यपाल महामहिम संतोष गंगवार जी ने आने की स्वीकृति प्रदान की है।
कार्यक्रम में जनजाति समाज के लोकनृत्य और लोक कलाओं की प्रस्तुति होगी। जनजाति समाज की गौरव गाथा को लेकर वक्ताओं के द्वारा मार्गदर्शन होगा। सम्पूर्ण परिसर को जनजाति महापुरुषों के कटाआउट से सजाया जायेगा।
आप सभी समाचार पत्रों के प्रतिनिधियों से निवेदन है कि उपरोक्त कार्यक्रम की प्रसिद्धि एवं जनजाति समाज की गौरव गाथा को लोगों तक पहुँचाने में सहयोग प्रदान करें।
आज की प्रेसवार्ता में श्री जगलाल पाहन, श्री बबलु मुण्डा, श्री अशोक मुण्डा, श्री मेघा उरांव, श्री सोमा उरांव, श्री बुधराम बेदिया, श्री लुथरू उरांव, श्री नकुल तिर्की, श्री प्रदीप लकड़ा, श्री बिरसा पाहन, श्री बालेश्वर पाहन, श्री रघु मुण्डा, श्री सत्यदेव मुण्डा,
एवं अन्य लोग उपस्थित थे।

विनीत
महेश मुण्डा
कार्यालय सचिव
जनजाति गौरव दिवस आयोजन समिति

You may have missed