जमुआ में डस्ट लदे हाइवा में लगी भीषण आग, देखते ही देखते वाहन जलकर राख
गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के नवडीह ओपी अंतर्गत सियाटांड़ पंचायत सचिवालय के समीप मंगलवार रात एक डस्ट लदे हाइवा में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे हाइवा पूरी तरह जलकर राख हो गया। हालांकि चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना सियाटांड़ भारत पेट्रोल पंप के बगल स्थित उस सड़क की है, जो गिरिडीह-बेंगाबाद मुख्य मार्ग को जोड़ती है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हाइवा डस्ट लोड कर बेंगाबाद की ओर से आ रहा था। इसी दौरान वाहन के पिछले टायर में अचानक आग लग गई। चालक को इसकी जानकारी मिलने पर उसने तत्काल वाहन से उतरकर सुरक्षित स्थान पर शरण ली।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि आग लगने के बाद कुछ ही मिनटों में लपटें पूरे हाइवा में फैल गईं और वाहन धू-धूकर जलने लगा। ग्रामीणों का कहना है कि घटनास्थल के समीप तालाब भी मौजूद था, जिससे प्रारंभिक स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया जा सकता था, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण ऐसा नहीं हो सका।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में चलने वाले कई हाइवा ओवरलोड और तेज रफ्तार में चलते हैं। उनका अनुमान है कि अत्यधिक दबाव और गति के कारण टायर गर्म होकर आग लगने की घटना हुई होगी। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

