झुमरी तिलैया में छात्राओं को स्वच्छता और मानसिक स्वास्थ्य का दिया गया संदेश

झुमरी तिलैया, 06 मई 2026: मॉडर्न पब्लिक स्कूल झुमरी तिलैया में बुधवार को कक्षा 6 से 12 तक की बालिकाओं के लिए ‘स्वच्छता एवं मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। सभागार में आयोजित इस काउंसलिंग सत्र का उद्देश्य किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक व मानसिक बदलावों को लेकर छात्राओं को जागरूक करना था।

कार्यक्रम की मुख्य वक्ता एवं काउंसलर कोमल घोष ने पहले सत्र में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा, “पीरियड्स कोई शर्म या बीमारी नहीं, यह एक प्राकृतिक प्रक्रिया है। साफ-सफाई रखना, सही सैनिटरी उत्पाद चुनना और दर्द होने पर संकोच छोड़कर माँ या शिक्षिका से बात करना बहुत जरूरी है।” इस दौरान छात्राओं को सैनिटरी पैड के सही इस्तेमाल और सुरक्षित निपटान की जानकारी भी दी गई।

दूसरे सत्र में मेंटल हेल्थ पर बात करते हुए श्रीमती घोष ने कहा, “किशोरावस्था में पढ़ाई का दबाव, शरीर में बदलाव और दोस्तों से तुलना के कारण तनाव, एंग्जायटी और मूड स्विंग आम हैं। अपनी भावनाओं को पहचानो, उन्हें डायरी में लिखो, भरोसेमंद व्यक्ति से शेयर करो। जरूरत पड़े तो मदद मांगने में हिचकिचाओ मत।”

विद्यालय की जूनियर हेड मिस्ट्रेस तनुश्री सरकार ने बताया, “हम सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं देना चाहते। बेटियों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना जरूरी है। इसलिए हर 3 महीने में ऐसे काउंसलिंग सत्र आयोजित किए जाएँगे।”

सत्र के अंत में छात्राओं ने बेझिझक सवाल पूछे। कई छात्राओं ने कहा, “आज बहुत सी बातें पहली बार साफ हुईं। अब पीरियड्स और मूड स्विंग को लेकर डर नहीं लगता।”

इस अवसर पर विद्यालय की सभी महिला शिक्षिकाएँ और छात्राएँ उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का समापन ‘मैं सक्षम हूँ, मैं सशक्त हूँ’ के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।