झारखंड विधि एवं संध्याकालीन महाविद्यालय में बिरसा मुंडा जयंती और 25वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया
15 नवंबर 2025 को झारखंड शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक विकास सोसाइटी के अंतर्गत संचालित झारखंड विधि महाविद्यालय एवं झारखंड संध्याकालीन महाविद्यालय ने संयुक्त रूप से बिरसा मुंडा जयंती के साथ झारखंड का 25वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया। दोनों कॉलेजों में आयोजित कार्यक्रमों की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के शिक्षकों, शिक्षकेतर कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने झारखंड की अस्मिता के लिए बिरसा मुंडा के आदर्शों, संघर्षों और अमूल्य योगदान को याद किया। उपस्थित शिक्षकों एवं शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने झारखंड की 25 वर्षों की विकास यात्रा पर भी चर्चा की तथा राज्य के उज्ज्वल भविष्य का संकल्प दोहराया। इस अवसर पर महाविद्यालय के उप प्राचार्य प्रो. अजय भट्टाचार्य ने बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष एवं व्यक्तित्व पर विशेष प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा न केवल एक महान स्वतंत्रता सेनानी थे बल्कि सामाजिक चेतना के प्रेरणा स्रोत भी थे। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर ही समाज और राज्य का समग्र विकास संभव है। महाविद्यालय के छात्र दिनेश कुमार दास ने उनके जीवन चरित्र पर प्रकाश डालते हुए सभी को जल, जमीन और जंगल बचाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. विकास राय, डॉ. कौशल कुमार, डॉ. सुरेन्द्र कुमार पाण्डेय, प्रो. अजय कुमार, प्रो. राघवेन्द्र प्रसाद दत्त, प्रो. कविता कुमारी, संध्या महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ. एस.बी. मिश्रा, प्रो. महजबी प्रवीण, ललन कुमार, राम बालक पांडे, नीरज कुमार सिन्हा, प्रमोद कुमार सिंह, विनोद कुमार, धर्मेत कुमार पांडे, अमित कुमार एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

