झारखंड में बारिश का दौर जारी, 17 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट
बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के असर से झारखंड में बारिश का दौर जारी रहेगा। वही आज और कल राज्य के 17 जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। खासकर सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश की संभावना है। 14 अगस्त को रांची, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भारी बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी है। वहीं 15 अगस्त को रांची, रामगढ़, खूंटी, हजारीबाग, चतरा, पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा और गुमला में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान अन्य जिलों में भी बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
इधर, मंगलवार को रांची में दोपहर तक उमस और तेज धूप के बाद अचानक मौसम बदला और कई इलाकों में मूसलाधार बारिश हुई। रांची में 45.6 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि जमशेदपुर में 35, सिमडेगा में 32 और चाईबासा में 25 मिमी बारिश हुई। तेज बारिश और वज्रपात के कारण बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई और धुर्वा सेक्टर-4 में पेड़ गिरने से एलटी लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 11 अगस्त तक झारखंड में सामान्य से 22 प्रतिशत कम बारिश हुई है। अब निम्न दबाव के कारण आने वाले दिनों में अच्छी बारिश से बारिश की कमी कुछ कम होने की उम्मीद है।

