झारखंड के माइका उद्योग को नई दिशा: दिल्ली में होगी अहम बैठक, कोडरमा–गिरिडीह पर फोकस
झारखंड के माइका उद्योग को नई दिशा देने की पहल: कोडरमा–गिरिडीह के मुद्दों पर कोडरमा सांसद सह केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी और जी. किशन रेड्डी की अहम बैठक, दिल्ली में होगा विस्तृत मंथन
नई दिल्ली/रांची। कोडरमा सांसद सह केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने झारखंड के माइका (Mica) उद्योग से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी से महत्वपूर्ण मुलाकात की। इस दौरान संबंधित मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।
बैठक में कोडरमा एवं गिरिडीह क्षेत्र में माइका उद्योग की वर्तमान स्थिति, उससे जुड़े श्रमिकों की समस्याएं, माइका एसोसिएशन और वर्कर एसोसिएशन की मांगों सहित उद्योग के समग्र विकास पर विस्तृत चर्चा की गई। दोनों मंत्रियों ने इस बात पर सहमति जताई कि माइका क्षेत्र से जुड़े सभी हितधारकों—उद्योग प्रतिनिधियों, श्रमिक संगठनों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों—के साथ जल्द ही नई दिल्ली में एक व्यापक बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें ठोस एवं स्थायी समाधान पर विचार किया जाएगा।
केंद्र सरकार माइका खनन को पारदर्शी, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। साथ ही श्रमिकों के हितों की सुरक्षा, रोजगार के अवसरों में वृद्धि और क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को सशक्त करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इस पहल को झारखंड के माइका बेल्ट, विशेषकर कोडरमा और गिरिडीह के लिए एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, जिससे न केवल उद्योग को नई गति मिलेगी बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
भारतीय जनता पार्टी महानगर के कोषाध्यक्ष श्री मुकेश जालान ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि “यह बैठक झारखंड के माइका उद्योग के पुनरुत्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। वर्षों से लंबित समस्याओं के समाधान की उम्मीद जगी है। केंद्र सरकार के प्रयासों से न केवल उद्योग को मजबूती मिलेगी, बल्कि हजारों श्रमिकों और उनके परिवारों का भविष्य भी सुरक्षित होगा।” उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी दिल्ली बैठक से ठोस परिणाम सामने आएंगे और गिरिडीह–कोडरमा क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित होगा।

