इंटर परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी को लेकर छात्रों का प्रदर्शन, मंत्री को सौंपा ज्ञापन
गिरिडीह में इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में कथित गड़बड़ी को लेकर छात्रों का आक्रोश देखने को मिला। झारखंड छात्र मोर्चा के नेतृत्व में आर.के. महिला कॉलेज समेत कई शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। छात्रों का आरोप है कि फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी जैसे विषयों में अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद कई मेधावी विद्यार्थियों को थ्योरी में मात्र 5 से 6 अंक देकर फेल कर दिया गया। छात्र नेताओं अभय कुमार और विशाल झा ने इसे मूल्यांकन प्रक्रिया की बड़ी चूक बताते हुए पारदर्शी पुनर्मूल्यांकन की मांग की। मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने छात्रों की समस्याएं सुनते हुए मामले में जल्द सुधार और अधिकारियों से बात कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

