“हुसैनाबाद में अवैध चलंत ईंट भट्टों के खिलाफ प्रशासन ने की सख्त कार्रवाई”
हुसैनाबाद/डेस्क: पलामू जिला के हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्थायी चलंत चिमनी ईंट भट्टों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कर ली है. गुप्त सूचना के आधार पर दिनांक 19 दिसंबर 2025 को खान विभाग एवं हुसैनाबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया गया थानिरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि ईंट भट्टा संचालकों द्वारा बिना वैध अनुमति के ईंट मिट्टी का उत्खनन, भंडारण एवं परिवहन कर अवैध रूप से चिमनी ईंट भट्टों का संचालन किया जा रहा था. इन भट्टों में ईंट पथाई, बोझाई एवं पकाई का कार्य भी नियमों की अनदेखी करते हुए किया जा रहा था. स्थानीय लोगों एवं भट्टों में कार्यरत मजदूरों से पूछताछ में अवैध खनन में ग्राम टेंटा निवासी रंजन सिंह सहित अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आई है.
छापेमारी के दौरान ईंट निर्माण में प्रयुक्त सामग्री को पंचायत पथरा के मुखिया नरेश पासवान के सुपुर्द किया गया. खान विभाग के अनुसार यह कृत्य खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (संशोधित 2015), झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली 2004 (संशोधित 2019) तथा झारखंड खनिज (अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम) नियमावली 2017 का उल्लंघन है. उक्त धाराओं के तहत नामजद आरोपियों, भूमि मालिकों एवं अवैध ईंट निर्माण व व्यापार में संलिप्त के खिलाफ हुसैनाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. और पुलिस आगे कार्रवाई मे जुट गयी है, इस कार्रवाई से क्षेत्र के अवैध ईंट भट्टा संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है.। वहीं छतरपुर पीपरा प्रखंड में भी अनेकों फर्जी ईट भट्टे का संचालन किया जा रहा हैं। उसे भी संज्ञान लेने की जरूरत है।

