हल्की बारिश से पांकी मुख्य बाजार में सड़क पर जल जमाव, व्यवसाईयों एवं ग्रामीणों में आक्रोश

हल्की बारिश से पांकी मुख्य बाजार में सड़क पर जल जमाव, व्यवसाईयों एवं ग्रामीणों में आक्रोश

पांकी
​स्थानीय प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की बेरुखी का खामियाजा एक बार फिर पांकी की जनता को भुगतना पड़ रहा है। पिछले दिनों हुई हल्की बारिश ने पांकी मुख्य बाजार की सूरत बिगाड़ दी है। जलजमाव की स्थिति ऐसी है कि मुख्य सड़क अब किसी स्विमिंग पूल जैसी नजर आ रही है, जिससे व्यापारियों और आम राहगीरों का जीना मुहाल हो गया है।
​ पांकी के सबसे व्यस्त ‘मुख्य बाजार जहाँ किसान स्टोर और खाद-बीज की कई महत्वपूर्ण दुकानें स्थित हैं। बारिश थमे 48 घंटे से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन सड़क पर जमा गंदा पानी कम होने का नाम नहीं ले रहा। नालियों की साफ-सफाई न होने के कारण सारा गंदा पानी सड़कों पर ही ठहरा हुआ है।
​सड़क पर घुटनों तक भरे गंदे पानी के बीच से गुजरना लोगों की मजबूरी बन गई है।
​बुजुर्गों और महिलाओं को अपनी चप्पलें हाथ में लेकर इस दूषित पानी के बीच से पैदल गुजरना पड़ रहा है।
​सड़क पर ईंटें रखकर रास्ता बनाने की कोशिश की गई है, लेकिन वे भी नाकाफी साबित हो रही हैं।
​गंदे पानी के कारण बाजार में संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ गया है।
​प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौन
​स्थानीय लोगों में इस अव्यवस्था को लेकर भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि हल्की सी बारिश में ही अगर मुख्य बाजार का यह हाल है, तो आने वाले मानसून में स्थिति क्या होगी, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है। लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि इस गंभीर समस्या से पूरी तरह बेखबर बने हुए हैं। 48 घंटे बीत जाने के बाद भी जल निकासी के लिए कोई सार्थक कदम नहीं उठाया गया है, जो बेहद चिंता का विषय है।
​व्यापारियों और स्थानीय निवासियों ने अविलंब जल निकासी सुनिश्चित करने और नालियों की मरम्मत की मांग की है, ताकि लोगों को इस नारकीय स्थिति से निजात मिल सके।