गुमला नगर भवन में चीक बड़ाइक मातृत्व सम्मान सह युवा सम्मेलन का भव्य आयोजन, मेधावी छात्र-छात्राएं और माताएं हुईं सम्मानित
गुमला नगर भवन में चीक बड़ाइक मातृत्व सम्मान सह युवा सम्मेलन का भव्य आयोजन, मेधावी छात्र-छात्राएं और माताएं हुईं सम्मानित
गुमला – गुमला नगर भवन में चीक बड़ाइक समाज द्वारा मातृत्व सम्मान समारोह सह युवा सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। हर वर्ष आयोजित होने वाले इस जिला स्तरीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य समाज की मातृशक्ति का सम्मान, युवाओं को प्रोत्साहन और सामुदायिक एकजुटता को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पारंपरिक नागपुरी गीत-संगीत के साथ स्वागत एवं दीप प्रज्वलन से हुई। चीक बड़ाइक समिति, गुमला के युवा अध्यक्ष ननकू चीक बड़ाइक ने स्वागत भाषण देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर वर्ष 2026 की मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 60% से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। साथ ही 50 वर्ष से अधिक आयु की माताओं को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मान दिया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में रहकर गांव की सामाजिक व्यवस्था और परंपराओं को संभालने वाले कारटाहा को भी विशेष रूप से अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए पूर्व अध्यक्ष राहुल बड़ाइक ने कहा कि समाज को अपनी पारंपरिक रीति-रिवाज और पहचान को संजोकर रखने की आवश्यकता है। पूर्वजों के संघर्षों को याद रखते हुए नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति पर गर्व करना चाहिए।
सम्मेलन में चीक बड़ाइक समाज की प्रमुख समस्या जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने में हो रही कठिनाइयों पर भी गंभीर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा कि चीक बड़ाइक समाज का ऐतिहासिक योगदान कपड़ा बुनकर समाज को वस्त्र उपलब्ध कराने में रहा है, फिर भी प्रमाण पत्र जारी करने में बाधाएं उत्पन्न होना चिंता का विषय है। समाज ने अपने अधिकार और पहचान की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम के बीच-बीच में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया, जहां लोग पारंपरिक धुनों पर झूमते नजर आए।
अंत में युवा अध्यक्ष ननकू चीक बड़ाइक ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि चीक बड़ाइक समाज मेहनतकश है, उसे केवल सही मंच और अवसर की आवश्यकता है ताकि हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सके।
समारोह के सफल आयोजन में उपाध्यक्ष सुधा देवी, सचिव जलेश्वर बड़ाइक, कोषाध्यक्ष प्रतिमा कुमारी, मार्गदर्शक सुबोध बड़ाइक, हीरावती देवी सहित रूपेंद्र बड़ाइक, सुभा कुमारी, मानिदेव चीक बड़ाइक, बबलू चीक बड़ाइक, वीरेंद्र चीक बड़ाइक, अमित चीक बड़ाइक, शत्रुधन चीक बड़ाइक, यशोदा देवी, राजेश्वर चीक बड़ाइक, किस्टो बड़ाइक, सुनील चीक बड़ाइक एवं अनेक युवाओं का सराहनीय योगदान रहा।





