गतिरोध खत्म करने की पहल: गुमला नगर परिषद में कार्यपालक पदाधिकारी, अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की सौहार्दपूर्ण बैठक
गतिरोध खत्म करने की पहल: गुमला नगर परिषद में कार्यपालक पदाधिकारी, अध्यक्ष व उपाध्यक्ष की सौहार्दपूर्ण बैठक
गुमला, 2 अप्रैल 2026 – गुमला नगर परिषद में पिछले दिनों उत्पन्न प्रशासनिक और जनप्रतिनिधियों के बीच तनाव को समाप्त करने की दिशा में आज महत्वपूर्ण पहल की गई। मनीष कुमार (कार्यपालक पदाधिकारी), शकुंतला उरांव (नगर अध्यक्ष) तथा रमेश कुमार चीनी (उपाध्यक्ष) के बीच समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से नगर परिषद कार्यालय के सभाकक्ष में स्वागत सह परिचय बैठक आयोजित की गई।
ज्ञात हो कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष द्वारा कार्यपालक पदाधिकारी पर लगाए गए आरोपों के कारण प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच खिंचाव की स्थिति बन गई थी, जिसका असर नगर परिषद के कार्यों पर पड़ रहा था। जिला प्रशासन के निर्देश के आलोक में इस संवाद की पहल की गई।
बैठक की शुरुआत कार्यपालक पदाधिकारी मनीष कुमार द्वारा नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं सभी वार्ड पार्षदों के स्वागत व अभिनंदन से हुई। इस अवसर पर अध्यक्ष और उपाध्यक्ष को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात अध्यक्ष शकुंतला उरांव ने सभी वार्ड पार्षदों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया।
अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि सभी को मिलकर नगर परिषद क्षेत्र के समग्र विकास के लिए कार्य करना है तथा साफ, सुंदर और स्वच्छ शहर बनाना प्राथमिकता होगी। उपाध्यक्ष रमेश कुमार चीनी ने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र विविध जाति-धर्मों का संगम है, इसलिए सभी को विकास के एजेंडे पर एकजुट होकर काम करना चाहिए। उन्होंने आश्वस्त किया कि वार्ड पार्षदों के साथ मिलकर नगर की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
इसके बाद वार्ड पार्षदों ने भी सामूहिक रूप से सहयोग और समन्वय के साथ कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
बैठक की कार्यवाही को आगे बढ़ाते हुए कार्यपालक पदाधिकारी ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति, राजस्व व अन्य व्यवस्थाओं की संक्षिप्त जानकारी दी और नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का कार्यालय कर्मियों से परिचय कराया।
अंत में अध्यक्ष के निर्देश पर उपाध्यक्ष ने धन्यवाद ज्ञापन किया और बैठक समाप्ति की घोषणा की। साथ ही 09 अप्रैल 2026 को बोर्ड की साधारण बैठक आहूत करने का निर्देश भी दिया गया।


