पलामू पुलिस का बड़ा एक्शन! प्राइवेट बॉडीगार्ड और गनमैन रखने वालों पर कसेगा शिकंजा, सभी थानों को नोटिस जारी करने का निर्देश
प्राइवेट बॉडीगार्ड और गनमैन रखने वालों पर पलामू पुलिस की नजर, थाना को गनमैन की नहीं दी जा रही सूचना
पलामू में पुलिस प्राइवेट बॉडीगार्ड और गनमैन रखने वालों पर नजर रख रही है. रसूख वाले लोग बड़ी संख्या में प्राइवेट बॉडीगार्ड और गनमैन रख रहे हैं. लोग हथियार के साथ बॉडीगार्ड और गनमैन के साथ काफिला लेकर चल रहे हैं.
झारखंड के पलामू में अब इस तरह के लोगों के खिलाफ कार्रवाई शुरू हुई है. कुछ दिन पहले पलामू के एक चर्चित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की थी और उत्तर प्रदेश के दो लाइसेंसी हथियार को पकड़ा था. इस लाइसेंसी हथियार और गनमैन के बारे में जानकारी पलामू पुलिस के साथ साझा नहीं की गई थी.इस घटना के बाद पलामू के सभी थाना को इस तरह का प्राइवेट बॉडीगार्ड और गनमैन रखने वालों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने का निर्देश दिया गया है. पिछले कुछ दिनों के अंदर पलामू के मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र में एक जनप्रतिनिधि के अलावा चार लोगों ने गनमैन, प्राइवेट बॉडीगार्ड और हथियार के बारे में जानकारी पुलिस के साथ साझा की गयी है. दरअसल अधिकतर लोगों के पास बाहर के राज्यों के दिए गए गनमैन या बॉडीगार्ड है लेकिन किसी ने भी स्थानीय थाना को इस बारे सूचना नहीं दी है.
डराने धमकाने और प्रतिष्ठा के लिए गनमैन और बॉडीगार्ड के इस्तेमाल की आशंका
पलामू पुलिस को हाल के दिनों में कई चौंकाने वाली जानकारी मिली है. पलामू पुलिस के जांच में इस बात की भी जानकारी मिली है कि कई लोग डराने धमकाने और शोऑफ के लिए गनमैन और बॉडीगार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं. पलामू पुलिस पहले चरण में बॉडीगार्ड और गनमैन रखने वालों को चिन्हित कर रही है, बाद में सभी को नोटिस जारी किया जाएगा. नोटिस के बाद बॉडीगार्ड के चरित्र का सत्यापन किया जाएगा. पुलिस यह भी देखेगी की गनमैन से हथियार चलाने की ट्रेनिंग लिया है की नहीं. जो व्यक्ति बॉडीगार्ड है उसने लाइसेंस लिया है की नहीं. पलामू एसपी कपिल चौधरी ने इस संबंध में पलामू के सभी थानेदारों को एक स्पेशल ऑपरेशनल प्रोसीजर भी जारी किया है.
पलामू एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि जिले में कई लोग बॉडीगार्ड लेकर घूमते है. बॉडीगार्ड के रूप में जो व्यक्ति हथियार लेकर घूम रहा है उसके पास लाइसेंस सही है या गलत? इसकी जानकारी पुलिस या प्रशासन के पास नहीं है. जो लोग बॉडीगार्ड लेकर घूम रहे हैं सर्वप्रथम उन्हें चिन्हित किया जा रहा है और थाना स्तर से नोटिस जारी किया जाएगा. उनके हथियार और लाइसेंस को सत्यापन किया जाएगा. बाहर के राज्य और बाहर के राज्य, जिला के लाईसेंस होने की स्थिति में उन्हें भी पत्र लिखा जाएगा. वैसे लोग जो बाहर के लाइसेंस और बॉडीगार्ड का इस्तेमाल कर रहे हैं उनकी इंट्री जिला में होना जरूरी है.
एसपी ने कहा कि पुलिस यह भी देखा जाएगा कि जो व्यक्ति अंगरक्षक रूप में हथियार का इस्तेमाल कर रहे हैं उनका चरित्र कैसा है? अंगरक्षक के रूप में उन्होंने लाइसेंस लिया है की नहीं? हथियार का लाइसेंस किसी खास उद्देश्य के लिए जारी किया जाता है, आत्मसुरक्षा के लिए अगर लाइसेंस मिला है तो वह अंगरक्षक के रूप में इस्तेमाल नहीं कर सकता है. बॉडीगार्ड रखने वाला और हथियार का लाइसेंस रखने वाले किस तरह के कार्यों में संलिप्त है इसकी भी जांच की जा रही है. जो अभी तक लगता है कि किसी व्यक्ति को डराने धमकाने और शोऑफ के लिए इस तरह के कदम उठाए जा रहे हैं, यह सही नहीं है पुलिस अपील कर रही है कि ऐसे लोग पुलिस सूचना को साझा करें नहीं तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

