गिरिडीह युवा महोत्सव में 250 युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, लोकनृत्य और गीतों में बिखेरा जलवा

जिला स्तरीय युवा महोत्सव में 250 युवाओं ने दिखाई प्रतिभा, स्कॉलर बीएड कॉलेज में सजा कला और संस्कृति का मंच

*लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और कविता लेखन में प्रतिभागियों ने बिखेरा जलवा, विजेताओं को किया गया सम्मानित

गिरिडीह। जिला खेल कार्यालय, गिरिडीह के तत्वावधान में स्कॉलर बीएड कॉलेज परिसर में जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2026-27 का भव्य आयोजन किया गया। महोत्सव में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे 250 से अधिक युवा प्रतिभागियों ने अपनी कला, रचनात्मकता और प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सांस्कृतिक एवं साहित्यिक प्रस्तुतियों से पूरा परिसर उत्साह और उमंग से सराबोर रहा।

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि पूर्वी वन प्रमंडल, गिरिडीह के वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला, मेरा युवा भारत के उपनिदेशक सूर्यकांत कुमार, स्कॉलर बीएड कॉलेज के निदेशक प्रमोद कुमार अग्रवाल एवं प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि मनीष तिवारी ने कहा कि युवा महोत्सव जैसे आयोजन युवाओं की छिपी हुई प्रतिभा को निखारने और उन्हें अपनी संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ऐसे मंच युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

वहीं, जिला खेल पदाधिकारी अर्जुन बारला ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि युवाओं को खेल, कला और सांस्कृतिक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। निरंतर प्रयास और मेहनत से युवा अपने जिले और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं।

स्कॉलर बीएड कॉलेज की प्राचार्या डॉ. शालिनी खोवाला ने जिला प्रशासन एवं जिला खेल कार्यालय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कॉलेज परिसर को इस महत्वपूर्ण आयोजन के लिए चयनित करना गर्व की बात है। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि युवा देश की नींव हैं और देश के भविष्य को गढ़ने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर है। युवाओं को अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाकर देश का नेतृत्व करने के लिए तैयार होना चाहिए।

महोत्सव के दौरान सामूहिक लोक नृत्य, सामूहिक लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और कविता लेखन जैसी विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने अपनी आकर्षक प्रस्तुतियों के माध्यम से झारखंड की लोक संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सरोकारों को जीवंत कर दिया। उनकी प्रस्तुतियों ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे—

सामूहिक लोक नृत्य:
प्रथम स्थान – स्कॉलर डांस ग्रुप
द्वितीय स्थान – कस्तूरबा, गिरिडीह
तृतीय स्थान – कस्तूरबा, बेंगाबाद।

सामूहिक लोकगीत:
प्रथम स्थान – स्कॉलर वॉइस
द्वितीय स्थान – बीएनएस डीएवी
तृतीय स्थान – संयुक्त रूप से एवेन बैंड एवं स्कॉलर्स फोक एस.जी.

नुक्कड़ नाटक:
प्रथम स्थान – तरंग
द्वितीय स्थान – गिरिडीह कॉलेज
तृतीय स्थान – स्कॉलर नुक्कड़ टीम।

कविता लेखन:
प्रथम स्थान – साजन पाठक
द्वितीय स्थान – अंजनी कुमारी
तृतीय स्थान – करण वर्मा।

चित्रकला:
प्रथम स्थान – श्रीजा रॉय
द्वितीय स्थान – करिश्मा कुमारी
तृतीय स्थान – छवि भदानी।

कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। पूरे आयोजन को सफल बनाने में जिला खेल कार्यालय के कर्मियों, स्कॉलर बीएड कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों एवं स्थानीय स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा।

युवा महोत्सव ने जिले के युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान किया। साथ ही इस आयोजन के माध्यम से कला, साहित्य और लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश भी दिया गया।