गिरिडीह पुलिस का बड़ा कमाल! 112 लोगों को लौटाए उनके खोए मोबाइल
गिरिडीह पुलिस का बड़ा कमाल! 112 लोगों को लौटाए उनके खोए मोबाइल
‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान की बड़ी सफलता, अब तक 850 मोबाइल बरामद कर मालिकों को सौंपे
गिरिडीह। गिरिडीह पुलिस ने एक बार फिर अपनी तत्परता और तकनीकी दक्षता का परिचय देते हुए 112 गुमशुदा मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंपे। पुलिस केंद्र, गिरिडीह परिसर में आयोजित विशेष कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार की मौजूदगी में लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल लौटाए गए।
गिरिडीह पुलिस की विशेष तकनीकी टीम लगातार तकनीकी अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी में जुटी हुई है। इसी अभियान के तहत पुलिस ने 112 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे।
अब तक 850 मोबाइल फोन बरामद
पुलिस के अनुसार, ‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान के तहत अब तक कुल 850 गुमशुदा मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए जा चुके हैं और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को वापस किया गया है।
पुलिस का कहना है कि मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए तकनीकी माध्यमों से लगातार अनुसंधान किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य लोगों की खोई हुई संपत्ति को सुरक्षित वापस दिलाना और आम नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत करना है।
एसपी ने कहा, अभियान लगातार रहेगा जारी
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार के अलावा पुलिस उपाधीक्षक, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।
एसपी ने कहा कि गिरिडीह पुलिस आम नागरिकों की शिकायतों के त्वरित निष्पादन और उनकी खोई हुई संपत्ति को सुरक्षित वापस दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ‘आपका मोबाइल, फिर से आपका’ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
मोबाइल वापस पाकर खिले चेहरे
लंबे समय बाद अपना खोया हुआ मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। लाभार्थियों ने गिरिडीह पुलिस की इस संवेदनशील पहल और त्वरित कार्रवाई के लिए पुलिस के प्रति आभार जताया।
गुम हुए मोबाइल की बरामदगी और उन्हें वास्तविक मालिकों तक पहुंचाने की यह पहल गिरिडीह पुलिस और आम जनता के बीच भरोसे को मजबूत करने वाली साबित हो रही है।

