गिरिडीह नगर निगम ने राजस्व वसूली तेज की, 14 जुलाई से विशेष शिविर
गिरिडीह। नगर आयुक्त विजय सिंह बीरूआ की अध्यक्षता में आज शनिवार को नगर निगम कार्यालय में राजस्व से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रॉपर्टी टैक्स, वाटर यूजर चार्ज और ट्रेड लाइसेंस सहित नगर निगम की राजस्व वृद्धि से जुड़े बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने प्रॉपर्टी टैक्स वसूली में अपेक्षित प्रगति न होने पर नाराजगी व्यक्त की और सभी संबंधित पदाधिकारियों व कर्मियों को वसूली अभियान में तेजी लाने का कड़क निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम की विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए राजस्व संग्रह को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा निर्धारित लक्ष्य समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए।
आयुक्त ने 14 जुलाई से नगर क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में विशेष राजस्व वसूली शिविर आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि नागरिकों को प्रॉपर्टी टैक्स, वाटर यूजर चार्ज एवं ट्रेड लाइसेंस से संबंधित सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा सकें और अधिक से अधिक लोग अपने कर व शुल्क समय पर जमा कर सकें। उन्होंने अधिकारियों को शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, बकायेदारों से नियमित संपर्क स्थापित करने तथा राजस्व वसूली अभियान की प्रतिदिन समीक्षा कर लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
साथ ही नगर आयुक्त ने ट्रेड लाइसेंस के नवीनीकरण और नए लाइसेंस निर्गत करने की प्रक्रिया को सरल व समयबद्ध बनाने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि नागरिकों के सहयोग एवं अधिकारियों की सक्रियता से नगर निगम निश्चित रूप से राजस्व संग्रह के निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करेगा, जिससे नगर क्षेत्र में बेहतर आधारभूत सुविधाओं और जनहित के विकास कार्यों को गति मिलेगी।
बैठक में संबंधित अधिकारी एवं निगम के कर्मियों सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

