गिरिडीह में विश्व फार्मेसी दिवस पर कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक से फार्मासिस्ट की भूमिका का दिया संदेश

गिरिडीह। विश्व फार्मेसी दिवस के अवसर पर सलूजा गोल्ड कॉलेज ऑफ फार्मेसी में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “Empowering Pharmacists for Healthier Futures” रही। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में फार्मासिस्ट की भूमिका, दवाओं के सुरक्षित एवं सही उपयोग तथा स्वस्थ भविष्य के निर्माण में फार्मेसी के महत्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा। नाटक के माध्यम से फार्मेसी का महत्व, फार्मासिस्ट की जिम्मेदारियां तथा स्वास्थ्य सेवा में उनके योगदान को प्रभावी एवं रोचक ढंग से प्रस्तुत किया गया।
प्राचार्य ने कहा कि इस वर्ष की थीम हमें यह संदेश देती है कि सशक्त और ज्ञानवान फार्मासिस्ट ही बेहतर एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी पढ़ाई के साथ-साथ समाज और मरीजों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने का आग्रह किया।
कॉलेज के एचओडी ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक एवं गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक होते हैं। इनसे नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है।