गिरिडीह में तुलसी विवाह की धूम, बाजारों में सजी गन्ने और पूजन सामग्री की दुकानें, खरीदारी को उमड़ी भीड़

गिरिडीह। जिले में शुक्रवार को तुलसी विवाह का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया जा रहा है। पर्व को लेकर शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और बाजारों में रौनक देखने को मिल रही है। तुलसी विवाह की तैयारियों को लेकर जगह-जगह गन्ने की अस्थायी दुकानें सज गई हैं। इन दुकानों पर सुबह से ही लोगों की आवाजाही शुरू हो गई है। वहीं, महिलाएं तुलसी विवाह की पूजा-अर्चना के लिए आवश्यक सामग्री की खरीदारी करती नजर आईं।
बाजारों में गन्ने के अलावा फल, फूल, दीपक, धूप, अगरबत्ती, चुनरी और अन्य पूजन सामग्री की दुकानें भी सजी हुई हैं। पर्व को लेकर खासकर महिलाओं में उत्साह देखा जा रहा है। लोग अपनी जरूरत के अनुसार पूजा सामग्री खरीदकर घरों में तुलसी विवाह की तैयारी में जुटे हुए हैं।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार तुलसी विवाह के दिन माता तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह विधि-विधान के साथ संपन्न कराया जाता है। इस अवसर पर श्रद्धालु तुलसी के पौधे को सजाकर विवाह की रस्में निभाते हैं और परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करते हैं। पर्व को लेकर गिरिडीह का बाजार पूरी तरह भक्तिमय माहौल में नजर आ रहा है।

You may have missed