गिरिडीह में तेज रफ्तार ट्रक ने बोरवेल वाहन को मारी टक्कर, तीन मजदूर गंभीर घायल

गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के कोलडीहा में शनिवार की अहले सुबह में एक तेज रफ्तार ट्रक ने खड़ी बोरवेल वाहन को टक्कर मार दी, जिसमें बोरवेल पर काम कर रहे तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल मजदूरों को प्राथमिक उपचार के बाद गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया है जहाँ उनका इलाज जारी है।
घटना के संबंध में बोरिंग करा रहे मो. ताजुद्दीन ने बताया कि रात करीब 2 बजे बोरिंग वाहन उनके घर पर सड़क किनारे खड़ा करके बोरिंग का काम शुरू कर दिया गया था। सुबह लगभग 4 बजे अचानक JH02-AA-2941 नंबर के तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आकर बोरवेल वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना में गंगो मंडल, मनोज दास और रामेश्वर दास गंभीर रूप से घायल हुए।
बोरवेल वाहन के संचालक कार्तिक बरनवाल ने बताया कि उनका वाहन मार्ग के किनारे खड़ा था और काम में लगा था कि तभी ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे बोरवेल वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार होने का प्रयास कर रहा था, जिसे आसपास के लोगों ने पकड़कर रोक लिया और चालक की पिटाई कर दी।
घटना की सूचना पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।