गिरिडीह में तेज रफ्तार पल्सर ने स्कूटी को मारी टक्कर, पति गंभीर घायल
गिरिडीह। नगर थाना क्षेत्र के हुट्टी बाजार में एक तेज रफ्तार पल्सर बाइक ने स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में स्कूटी सवार दंपती घायल हो गए, जिनमें डुमरी प्रखंड के नारंगी गांव निवासी विजय कुमार ठाकुर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं उनकी पत्नी सुमित्रा देवी को भी हल्की चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और काफी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, विजय कुमार ठाकुर अपनी पत्नी सुमित्रा देवी के साथ बड़ा चौक से स्कूटी पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे।इसी दौरान हुट्टी बाजार के समीप विपरीत दिशा से तेज गति और लापरवाही से आ रही पल्सर बाइक ने उनकी स्कूटी को सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि पल्सर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित नाले में जा गिरे। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर घटनास्थल की ओर दौड़े तथा घायलों को बाहर निकालने में मदद की।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया है। वहीं उनकी पत्नी सुमित्रा देवी का प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल पल्सर बाइक चालक को हिरासत में ले लिया है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाना लाया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद कुछ देर तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सामान्य कराया।

