गिरिडीह में SIR-2026 अभियान तेज, 185 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविरों का SDO ने किया निरीक्षण
गिरिडीह। भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR‑2026) अभियान के तहत 32‑गिरिडीह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के शहरी इलाकों में कुल 185 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। अनुमंडल पदाधिकारी गिरिडीह धीरेंद्र कुमार ने आज इन शिविरों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं व गतिविधियों का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी ने गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित बी.एल.ओ. और पदाधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान की पहुंच प्रत्येक पात्र मतदाता तक सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी कार्यों को समय-सीमा के भीतर पारदर्शिता, गुणवत्ता और दक्षता के साथ पूरा करने पर जोर दिया।
धीरेंद्र कुमार ने मतदान केंद्रों पर उपस्थित मतदाताओं से बातचीत कर उन्हें गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन भी दिया। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि मतदाताओं को किसी भी तरह की असुविधा न हो और हर नागरिक को सहज सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने का महत्वपूर्ण कदम है।
अनुमंडल पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों और बी.एल.ओ. से जिम्मेदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आग्रह किया और 32‑गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने‑अपने मतदान केंद्रों पर आयोजित विशेष शिविरों में उपस्थित होकर गणना प्रपत्र प्राप्त कर उसे सही तथा पूर्ण रूप से भरकर निर्धारित अवधि के भीतर जमा कराएं। उन्होंने बताया कि शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची ही सशक्त लोकतंत्र की बुनियाद है, इसलिए प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।

